जयपुर.
राजस्थान रॉयल्स के यूसुफ पठान की पारी डेक्कन चार्जर्स के कप्तान गिलक्रिस्ट की पारी पर भारी पड़ी। पठान की 37 गेंद पर 2 छक्के और 9 चौकों की मदद से 68 रन की पारी की बदौलत राजस्थान ने डेक्कन चार्जर्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। यूसुफ पठान के साथ ओपनर स्मिथ ने भी अच्छा साथ निभाते हुए 43 गेंद पर 4 चौकों की मदद से 40 रन बनाए। डेक्कन चार्जर्स की ओर से आरपी सिंह और ओझा को एक-एक विकेट मिले। यूसुफ पठान मैन ऑफ द मैच रहे।
आईपीएल ट्वेंटी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के 30 वें मैच में शुक्रवार को डेक्कन चार्जर्स के विरुद्ध मैच में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीता और कप्तान शेन वार्न ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। डेक्कन चार्जर्स की कप्तानी संभाल रहे एडम गिलक्रिस्ट (61) और हर्शल गिब्स (19) ने पारी की अच्छी शुरुआत की। लेकिन बाद के बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से टीम 8 विकेट पर सिर्फ 140 रन ही बना सकी। गिली ने 49गेंदों का सामना किया और सर्वाधिक (61) रन बनाए। उन्होंने 1 छक्का व 9 चौके लगाए। वेणुगोपाल राव (23*) और प्रज्ञान ओझा (1*) अविजित रहे।
वेणुगोपाल ने महज 11 गेंदों का सामना किया और 3 चौके व 1 छक्का की मदद से स्कोर को बढ़ाने की कोशिश की। दूसरे छोर पर उनका साथ रवि तेजा (6), आरपी सिंह (2) नहीं दे सके। राजस्थान रॉयल्स की ओर से सोहेल तनवीर को छोड़कर सभी गेंदबाजों ने विकेट लिए। कप्तान शेन वार्न ने सिर्फ 20 रन देकर दो विकेट लिए। सबसे कसी हुई गेंदबाजी सिद्धार्थ त्रिवेदी ने की। त्रिवेदी ने 3 ओवरों में सिर्फ 8 रन दिए और 1 विकेट लिया।