पंचकूला.हरियाणा में संस्कृति और कला को जिंदा रखने के लिए आज चेतना अभियान चलाए जाने की जरूरत है। यह बात शुक्रवार को हरियाणा के राजस्व महकमे के वित्तायुक्त और प्रधान सचिव के.एस. भौरिया ने इंद्रधनुष ऑडिटोरियम सेक्टर-5 में कही। वे यहां स्टेट लेवल तैलचित्र प्रतियोगिता के समापन अवसर पर समारोह में बतौर मुख्य अतिथि विचार रख रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा कला परिषद प्रदेश की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अभियान चला रही है।
आज के युग में युवा देश की संस्कृति से दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दो दशक पहले प्रदेश के लोग अपनी संस्कृति भूल बैठे थे पर परिषद की अध्यक्षा उषा शर्मा और उपाध्यक्ष के.सी. शर्मा ने अपने कठिन प्रयासों के बाद संस्कृति को फिर जिंदा किया। इस मौके पर भौरिया ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कलाकारों में शंकर शर्मा, शक्ति सिंह अहलावत, महेंद्र सिंह तुली, बलजीत सिंह, हर्षवर्धन, एस.एल. दीवान, महेश दलाल, शिव कुमार बातिश, भीम सिंह, पवन कुमार, भूषण सैनी, के.आर. कोहली, गगनदीप कौर, डॉ. रजनी, उषा बनमाली, अरिका कपूर को स्मृति चिह्न् देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कलाकारों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स भी देखीं। समारोह में परिषद के उपाध्यक्ष के.सी. शर्मा ने कहा कि परिषद हरियाणवी संस्कृति को बचाने के लिए युवा वर्ग को आगे ला रही है। समय-समय पर हरियाणवी गीतों, रागनियों, पेंटिंग, सांग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि परिषद हर माह इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित करवाने का प्रयास करेगी।
परिषद की निदेशक उषा शर्मा ने बताया कि पंचकूला के स्कूलों के 300 बच्चों ने इस मौके पर पेंटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किया। इस मौके पर हरियाणा लोक संपर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के निदेशक के.के. खंडेलवाल, डीसी राजेंद्र कटारिया, डीआरओ के.के. अमरोही सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
पेंटिंग प्रतियोगिता के परिणाम
हरियाणा कला परिषद द्वारा इंद्रधनुष ऑडिटोरियम सेक्टर-5 में संस्कृति विषय पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में 6 से 8 साल के आयु वर्ग में बीएन सीनियर सेकंडरी स्कूल के राकेश वर्मा ने पहला, मानव मंगल स्कूल की दीक्षा सिंह और मुस्कान ठाकुर ने दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। 9 से 11 साल आयु वर्ग में मानव मंगल के किशन मित्तल ने पहला, भवन विद्यालय की अरूसी वर्मा ने दूसरा और सार्थक स्कूल के शुभम को तीसरे स्थान के लिए पुरस्कृत किया गया। 12 से 14 साल आयु वर्ग में जैनेंद्र पब्लिक स्कूल की कृतिका भारद्वाज को पहला, सार्थक स्कूल की जसलीन को दूसरा और मानव मंगल स्कूल के शुभम को तीसरा स्थान मिला।
15 से 18 साल आयु वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-7 की श्रुति नैन को पहला, संस्कृति राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल की सृष्टि को दूसरा और डीएवी स्कूल सेक्टर-8 के हरिंदर को तीसरा स्थान मिला। 19 से 21 साल आयु वर्ग में जीसीजी चंडीगढ़ सेक्टर-11 की रितिका और विकास कंबोज को प्रथम और द्वितीय तथा ब्ल्यू बर्ड हाईस्कूल सेक्टर-4 की प्रीति नेहरा को तीसरा स्थान हासिल हुआ। विकलांग बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता में साकेत स्कूल की लक्ष्मी एवं शकुंतला को क्रमश: पहला और दूसरा स्थान हासिल करने पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस सभी बच्चों को उषा शर्मा ने स्मृति चिह्न् और प्रमाण पत्र दिए।