इंदौर. पाटनीपुरा में गुरुवार दोपहर को आतंक मचाने वाले कुख्यात गुंडे सुशील दुबे और उसके तीन साथियों का शुक्रवार सुबह जुलूस निकाला गया। पुलिस ने रहवासियों से उत्पात मचाने वाले अन्य गुंडों की जानकारी मांगते हुए कड़ी कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।
एडीशनल एसपी ने 10 से ज्यादा अपराध वाले बदमाशों को जिलाबदर करने का कहा है। उधर, व्यापारियों ने गुरुवार के घटनाक्रम के बाद कमेटी का गठन कर खुद ही गुंडों से लोहा लेने की ठान ली है।
बेकरी गली के बदमाश सुशील दुबे ने गुरुवार को भोला, हलकू व भूरा उर्फ सतीश के साथ पाटनीपुरा मेन रोड पर एक घंटे उत्पात मचाया था। दुकानदारों ने सुशील को तो वहीं दबोच लिया था, जबकि उसके साथी भागने में कामयाब हो गए थे।
एमआईजी पुलिस ने शुक्रवार सुबह तीनों को भी ढूंढ निकाला। सुबह 11.30 बजे पाटनीपुरा रोड पर चारों का जुलूस निकाला गया। सभी का आपराधिक रिकॉर्ड मिला। सुशील और भूरा को जिलाबदर करने की तैयारी की जा रही है।
सीएसपी बिट्टू सहगल ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि क्षेत्र में एक भी गुंडे को बक्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा पुलिस लगातार गुंडों के विरुद्ध अभियान चला रही है। सुशील पर 2005 के बाद से एक भी अपराध पंजीबद्ध नहीं था। इसी कारण वह अब तक बचा हुआ था। सीएसपी ने व्यापारियों से कहा वे बताएं क्षेत्र में ऐसे और कितने बदमाश हैं जो आतंक मचा रहे हैं। सभी पर कार्रवाई की जाएगी।
300 हॉकी और बेसबॉल बेट खरीदे
गुरुवार की घटना के बाद रात में ही पाटनीपुरा के व्यापारियों ने बैठक आयोजित कर पाटनीपुरा-मालवा मिल व्यापारी-रहवासी संघ की स्थापना की। इसके अध्यक्ष नागेंद्रसिंह ठाकुर ने बताया व्यापारियों ने अब गुंडों से सीधे लोहा लेने का मन बना लिया है।
इसके लिए 300 हॉकी और बेसबॉल बेट का इंतजाम किया जा रहा है जो शनिवार सुबह ये व्यापारियों को दिए जाएंगे। अगर कोई गुंडा किसी दुकानदार को परेशान करता है तो व्यापारी एकजुट होकर पहले उसकी पिटाई करेंगे फिर पुलिस को इसकी सूचना देंगे।
पुलिस का स्वागत किया
गुंडों के विरुद्ध पुलिस की ताजा कार्रवाई से खुश दुकानदारों ने शुक्रवार शाम 6.30 बजे सीएसपी बिट्टू सहगल, एमआईजी टीआई प्रतापसिंह राणावत सहित अन्य पुलिस कर्मियों का स्वागत किया। इस बीच उन्होंने मांग रखी कि पाटनीपुरा रोड पर एक पाइंट बनाकर दो जवान तैनात किए जाएं।