झज्जर गांव ढाकला में गुरुवार की देर शाम टोने-टोटके के संदेह में एक परिवार के साथ मारपीट की गई। पीड़ित परिवार का आरोप था कि उनके साथ मारपीट की और कपड़े उतार गांव में घुमाया। इस विवाद को लेकर शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया।
क्या था आरोप :
गांव की महिला कमला देवी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि गांव के ही एक परिवार ने उसके साथ-साथ बेटे बबलू व बेटी सुनीता के साथ मारपीट की और बेटे को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया। आरोपी पक्ष ने उनके भी कपड़े उतारने का प्रयास किया। आरोपियों ने उनके परिवार पर टोने-टोटका करने का आरोप लगाते हुए उनके साथ र्दुव्यवहार किया।
गर्म तेल पिलाया और बाल भी जलाए :
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी पक्ष ने कमला देवी के बाल भी जला दिए और उसकी बेटी के साथ मारपीट की। उसकी बेटी ने पानी मांगा तो उसे गर्म तेल भी पिलाने का प्रयास किया, जिससे उसकी जीभ भी जल गई।
दोनों पक्षों के बीच हुआ समझौता :
गुरुवार की देर शाम कमला देवी ने गांव के ही राकेश, उमेद, प्रकाश, हरबीर व बंटू देवी के खिलाफ शिकायत दी थी। किंतु शुक्रवार की सुबह गांव से दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में राजीनामा भी हो गया। एसएचओ झज्जर सत्यनारायण ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच मामूली विवाद था। जिसे गांव के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में सुलझा लिया गया। जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने अपनी शिकायत भी वापस ले ली।