News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. करीब चार माह बाद निगम प्रशासन को फिर से प्रतिबंधित पालिथीन पर कार्रवाई का ख्याल आ ही गया। सूचना पर जब अमला पहुंचा तो थोक विक्रेता गोदाम पर ताला लगाकर चले गए। तीन होटल संचालकों से तीन किलोग्राम अमानक पालिथीन जब्त किया गया है।
नगर निगम प्रशासन को तारबाहर फाटक के पास कुछ थोक व्यवसायियों द्वारा अमानक पालिथीन का कारोबार करने की जानकारी मिली। निगम आयुक्त एमए हनीफी ने गोदामों में कई टन अमानक पालिथीन होने की सूचना पर पर्यावरण अमले को कार्रवाई के लिए रवाना किया, लेकिन अमले के पहुंचने से पहले ही थोक कारोबारियों को सूचना पहुंच गई और वे गोदाम में तालाबंदी कर चले गए।
अमला जब कार्रवाई के लिए पहुंचा तीनों गोदामों में ताले लटकते मिले। पर्यावरण टीम के प्रभारी के निर्देश पर अमले ने यहां स्थित तीन होटलों में दबिश देकर करीब तीन किलोग्राम कैरियर पालिथीन पकड़ा, जिस पर पूर्णत: प्रतिबंध है। पर्यावरण प्रभारी प्रमिल शर्मा ने जब्ती की कार्रवाई कर प्रकरण तैयार किया है। जांच में जब्त किए गए सभी पालिथीन २क् माइक्रान से कम मोटाई वाले पाए गए हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद शांत पड़े निगम प्रशासन ने दो बार मुख्यमंत्री कार्यालय से कड़ा पत्र मिलने के बाद पर्यावरण टीम का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पर्यावरण टीम ने छोटे व्यवसायियों के बजाए सीधे पालिथीन का उत्पादन करने वाली फैक्ट्रियों व थोक कारोबारियों पर हाथ डाला हो हंगामे के बाद निगम प्रशासन ने बड़े व्यवसायियों व नेताओं के दबाव की वजह से किसी व्यवसायी पर प्रावधान के तहत कोई कार्रवाई नहीं की।
मामला विधान सभा में उठने के बाद निगम प्रशासन ने प्रतिबंधित पालिथीन पर कार्रवाई से ही तौबा कर ली थी। बड़ी मात्रा में पालिथीन के कारोबार की सूचना मिलने पर कार्रवाई का आदेश दिया गया, लेकिन खबर पहले ही थोक कारोबारियों तक पहुंच जाने से अमले को तीन किलोग्राम पालिथीन की जब्ती कर खानापूर्ति तक ही संतुष्ट होना पड़ा।