जयपुर. आईपीएल के टी-20 क्रिकेट मुकाबले में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स की टीम डेक्कन चार्जर्स से भिड़ी। रॉयल्स का जोश बढ़ाने एसएमएस स्टेडियम पहुंचे शहर के लोगों ने क्रिकेट, नाच-गान और चीयर लीडर्स की अदाओं का जमकर आनंद लिया। डीजे एबी, उनकी टीम व चीयर लीडर्स ने लाइव परफॉर्मेस से लोगों का मनोरंजन किया।
रॉयल्स ने भी जयपुर के एसएमएस होम ग्राउंड में लगातार तीसरी जीत से प्रशंसकों को खुश कर दिया। उधर, नागरिक मोर्चा के प्रदेश संयोजक सुरेश मिश्रा ने कहा कि आरसीए राजस्थान खेल परिषद के कार्य में बाधा डाल रहा है। उन्होंने मांग की कि आरसीए अध्यक्ष ललित मोदी पर काम में बाधा डालने और कर्मचारियों के उत्पीड़न का मामला दर्ज किया जाए।
खिड़की पर 500 रु., बाहर 450 रु.
रामबाग होटल के सामने वाले दरवाजे पर टिकट खिड़की पर पांच सौ के टिकट पर कोई डिस्काउंट नहीं था, लेकिन टिकट खिड़की के पास ही खड़ा एक युवक हाथों में टिकट लेकर साढ़े चार सौ रुपए में देने की बात कह रहा था। उसके पास करीब बीस से अधिक टिकट थे।
विरोध प्रदर्शन
आईपीएल के टी-20 मैचों के दौरान चीयर्स गल्र्स द्वारा नग्नता के साथ अश्लील नृत्य परोसने के विरोध में राजस्थान ब्राrाण महासभा की महिला इकाई की प्रदेशाध्यक्ष शारदा शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने सवाई मानसिंह स्टेडियम के बाहर गिरफ्तारी दी। आधा घंटे बाद ही उन्हें छोड़ दिया गया। राजस्थान युवा जाट महासभा के सदस्यों ने भी रोशन खरबास के नेतृत्व में स्टेडियम पर प्रदर्शन किया।
यह कैसी सुरक्षा?
स्टेडियम के गेट पर खड़े सिक्योरिटी मैन दर्शकों को मोबाइल फोन तथा अन्य सामान तो ले जाने दे रहे थे, केवल पेन ही बाहर रखवाए जा रहे थे। दर्शक की जेब में पेन देखते ही सिक्योरिटी वाले पेन निकाल लेते और मामूली तलाशी के बाद उसे अंदर भेज देते।