News
International International वॉशिंग्टन. विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी और उनकी अमेरिकी समकक्ष कोंडालिजा राइस ने म्यांमार की वर्तमान स्थिति तथा भारत अमेरिका असैन्य परमाणु करार पर चर्चा की।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता सीन मैककार्मेक ने कहा कि म्यांमार के मुद्दे को लेकर राइस ने शुक्रवार को चीनी विदेश मंत्री यांग और भारतीय विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी से बात की। इस दौरान भारत अमेरिका असैन्य परमाणु करार पर भी चर्चा हुई। प्रवक्ता ने हालांकि असैन्य परमाणु करार को लेकर हुई बातचीत का विवरण नहीं दिया।
मैककार्मेक द्वारा परमाणु करार पर राइस और मुखर्जी के बीच हुई बातचीत का विवरण देने से इंकार करने को यहां इस बात का संकेत माना जा रहा है कि बुश प्रशासन इसका विवरण इसलिए सार्वजनिक नहीं करना चाहता क्योंकि इससे उसे मामले के और अधिक जटिल हो जाने की आशंका है। बुश प्रशासन भारत में राजनीतिक बाध्यताओं के प्रति बेहद सतर्क हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बुश प्रशासन कांग्रेस सदस्यों के इस मामले पर खुलेआम बात करने के पक्ष में नहीं है। वाशिंगटन पोस्ट में छपी खबर के अनुसार अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इस मामले को लेकर सांसदों पर सार्वजनिक रूप से बात करने पर कड़ी शर्ते लगा दी हैं। रिपोर्ट में अनाम स्रोतों के हवाले से कहा गया है कि असैन्य परमाणु करार पर होने वाली बातचीत को सार्वजनिक करने से इसमें और अधिक जटिलताएं आ सकती हैं।