कोलकाता. कोलकाता स्थित जेनिट्स समूह 2008-09 में 13 अरब रुपये के व्यापार का लक्ष्य रखा है। कंपनी की योजना मोबाइल फोन के बाजार में भी कदम रखने की है।
कंपनी का 2007-08 में कुल व्यापार 10 अरब रुपये था। कंपनी कम्प्यूटर के पुर्जो का उत्पादन करती है। कंपनी ने 2005 में अपना पीसी, अमाची पीसी के नाम से कम्प्यूटर बाजार में भी अपनी पकड़ बनाई है।
कंपनी भारत की सभी कम्प्यूटर कंपनियों को उसके पुर्जे बेचती है। इससे पहले चीन से इनका आयात करना पड़ता था।
कंपनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक शांतनु घोष ने बताया कि भारत के कम्प्यूटर बाजार का 65 प्रतिशत हिस्सा असंगठित क्षेत्र के पास है। संगठित क्षेत्र के पास 20 फीसदी और विदेशी कंपनियों के पास 15 प्रतिशत हिस्सा है।
जेनिट्स कंपनी की कुल बाजार हिस्सेदारी 48 प्रतिशत है। बाकी बाजार की जरूरत चीनी आयात से पूरी की जाती है।
कंपनी 2.5 अरब रुपये की लागत से हुगली में एक निर्माण केंद्र स्थापित कर रही है। मौजूदा समय में कंपनी कम्प्यूटर के पांच अवयवों- कैबिनेट, की बोर्ड, पावर सप्लाई, माउस और स्पीकर का निर्माण कर रही है।
अक्टूबर 2007 में कंपनी ने 20,000 रुपये में ‘जुवा’ नामक लैपटाप लांच किया था।