News
International International लंदन.
लंदन में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) नेता नवाज शरीफ के साथ सात घंटे चली वार्ता के बाद पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेता आसिफ अली जरदारी ने कहा कि उनके पास कोई शक्ति नहीं हैं।
जरदारी ने शनिवार को कहा कि वह शक्तिहीन हैं। जरदारी ने कहा कि आज के समय हम यथा-स्थिति को तोड़ नहीं सकते हैं। हमारे पास इसकी शक्ति नहीं है। हमारे पास दो-तिहाई बहुमत नहीं है। हम संघर्ष का रास्ता अपना कर देश को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते हैं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ द्वारा बर्खास्त न्यायाधीशों की बहाली के मुद्दे पर पीपीपी और पीएमएन-नेता के बीच शुक्रवार को लंदन में हुई वार्ता बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई।
न्यायाधीशों की बहाली के लिए सोमवार की समय सीमा तय की गई थी। वार्ता के बाद पीएमएल-एन नेता नवाज शरीफ ने संवाददाताओं से कहा कि वास्तव में कुछ बिंदु हैं जिन पर हमारे बीच मतभेद हैं। हम उनको अभी तक दूर नहीं कर पाए हैं। मैं कल पाकिस्तान जा रहा हूं, मैं वहां जाने के बाद कुछ बोलूंगा..हम 12 मई तक इंतजार करेंगे।
विवाद के केंद्र में मुशर्रफ द्वारा बर्खास्त सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश इफ्तिखार मुहम्मद चौधरी हैं। चौधरी ने न केवल मुशर्रफ के दुबारा निर्वाचन का विरोध किया था बल्कि बेनजीर भुट्टो और आसिफ अली जरदारी को भ्रष्टाचार के मामलों से मुक्ति देने के मुशर्रफ के निर्णय के खिलाफ कानूनी याचिका स्वीकार की थी।