HomeNewsNational National

अर्जुन सिंह हो गए किम् कर्तव्यविमूढ़!

नई दिल्ली. मौका था प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के 150वें साल के समापन समारोह का जब एक व्यक्ति दर्शकदीर्घा में से उठा और उसने केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री अर्जुन सिंह पर गंभीर आरोप लगा डाले, परिसर में तो हैरत छा ही गई, अर्जुन सिंह कुछ बेचैन और असमंजस की स्थिति में आ गए।

तीन मूर्ति हाउस में शनिवार को विरासत नामक समारोह में जब अर्जुन सिंह और अन्य गणमान्य अतिथि आसंदी ग्रहण कर रहे थे तभी एक वरिष्ठ नागरिक जगदीशचंद्र शर्मा आसंदी के पास आकर शोर-शराबा करने लगे और आरोप लगाया कि अर्जुन सिंह के पूर्वजों ने अंग्रेजों का साथ दिया था।

अर्जुन सिंह चुपचाप सुन रहे थे और 63 वर्षीय व्यक्ति चिल्ला रहा था - अपने परिवार की तरफ से माफी मांगिए और इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनने पर अफसोस जताइए क्योंकि आपके पूर्वजों ने अंग्रेजों का साथ दिया था।

शर्मा ने दावा किया कि सिंह के पूर्वजों ने आंदोलन के समय न केवल अंग्रेजों का साथ दिया था बल्कि उनके पूर्वज और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केशवचंद्र शर्मा की हत्या के आदेश भी दिए थे। केशवचंद्र को जला दिया गया था। यह आधिकारिक गजट में दर्ज है और सिंह के परिवार ने अंग्रेजों का साथ देने के एवज जमीन हासिल की थी।

आयोजकों ने जगदीश शर्मा को पकड़कर बाहर निकाल दिया लेकिन कुछ पलों के लिए कार्यक्रम में सन्नाटा छा गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: