Sports
Other Sports Other Sports इपोह. भारतीय हॉकी टीम के कोच अजय कुमार बंसल ने कहा है कि टीम को पिछले दो मैचों में मिली हार से निराश नहीं होना चाहिए। मलेशिया के शहर इपोह में चल रहे अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड और अर्जेटीना से हार के बाद कोच बंसल ने कहा कि दोनों मैच हारने का प्रभाव टीम के अगले प्रदर्शन पर नहीं पड़ना चाहिए। कोच बंसल को यह उम्मीद है कि रविवार को कनाडा के विरुद्ध रक्षा घेरे को मजबूत कर और मिडफील्ड के खेल में सुधार होने से टीम अपने खेल को फिर से पटरी पर ला सकती है।
जीत हमारी मुठ्ठी में : भारतीय कोच को पूरा विश्वास है कि कनाडा के विरुद्ध जीत हमारी मुठ्ठी में है। उन्होंने कहा है कि हर दिन एक नया दिन होता है और हमें पिछली असफलताओं से परेशान नहीं होना चाहिए।
ऐसी हार से बचना चाहिए : अर्जेंटीना से मिली 5-1 की करारी शिकस्त पर कोच बंसल ने कहा कि हमें ऐसी हार से बचने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना से हम इसीलिए नहीं हार गए कि हम अच्छा नहीं खेले, बल्कि दूसरे हॉफ में हुए दो आसान गोलों की वजह से हम हार गए। इसीलिए मेरा फोकस अब मिडफील्ड और टीम की रक्षा पंक्ति को मजबूत करने पर है। आसान गोल टीम के लिए खतरनाक होते हैं और इससे टीम के मनोबल पर असर पड़ता है।
फारवर्ड लाइन को गोल करने से रोका नहीं : बंसल ने कहा कि टीम गोल के लिए संदीप सिंह पर ही पूरी तरह निर्भर नहीं है। बंसल के अनुसार उन्होंने टीम की अग्रिम पंक्ति को गोल करने से मना नहीं किया है, पर वे अनुभवहीन हैं और इसीलिए मैं तुषार खांडेकर जैसे खिलाड़ियों को पंसद करता हूं।
अर्जेटीना के विरुद्ध संदीप की परेशानी : अर्जेंटीना के विरुद्ध मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील नहीं कर पाने पर कोच बंसल ने कहा कि ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह को अर्जेंटीना के विरुद्ध कुछ परेशानी हुई है। इससे पहले भी संदीप चैंपियन चैलेंज कप में अर्जेंटीना के विरुद्ध अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे।
इस बीच कनाडा की तैयारियों को करारा झटका लगा है। टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी केन पेरियेरा अभी टीम में शामिल नहीं हुए हैं। 34 वर्षीय केन अभी हॉलैंड में एचजीसी के लिए खेल रहे हैं। हालांकि टीम में केन की भरपाई करने वाले कुछ खिलाड़ी मौजूद हैं।