चेन्नईलक्ष्मीपति बालाजी की शानदार हैट्रिक की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्ज ने किंग्ज इलेवन पंजाब को 18 रन से शिकस्त दी। बालाजी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर पंजाब के पांच महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। बालाजी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पंजाब की तरफ से ओपनिंग करने आए मार्श ने 38 गेंद पर 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से शानदार 58 रन बनाए। इसके अलावा इरफान पठान ने भी आखिरी ओवरों में टीम को जीताने की पूरी कोशिश की और सिर्फ 18 गेंद पर 3 चौकों और 3 छक्कों की मदद से पंजाब को 40 रन का योगदान दिया। इसके अलावा किंग्ज इलेवन पंजाब का कोई भी बल्लेबाज टीम के लिए ज्यादा योगदान नहीं दे पाया। सुपर किंग्ज की तरफ से गोनी, मोर्केल, अमरनाथ और मुरलीधरन ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्ज के खिलाफ किंग्ज इलेवन पंजाब ने टॉस जीता और कप्तान युवराज सिंह ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। युवी के निर्णय को एस. श्रीसंथ ने सुपर किंग्ज के दोनों शुरुआती बल्लेबाजों स्टीफन फ्लेमिंग (1) और शिवरामकृष्णन विद्युत (8) को सस्ते में आउट कर सही साबित किया, लेकिन सुपर किंग्ज के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (60*) और एस. बद्रीनाथ (64) ने धमाकेदार बल्लेबाजी कर टीम के स्कोर में तेजी से इजाफा किया और सुपर किंग्ज ने 4 विकेट पर कुल 181 रन बनाए। एस. बद्रीनाथ ने 47 गेंदों का सामना करते हुए 3 छक्के और 6 चौके लगाए। धोनी ने नाबाद 60 रन बनाए। उन्होंने 43 गेंदों में 4 आसमानी छक्के और दो चौके जड़े। एल्बी मोर्केल ने नाबाद 7 रन 6 गेंदों में बनाए। तीसरे क्रम पर आए सुरेश रैना ने 26 रन 17 गेंदों में बनाए। रैना ने चार चौके लगाए।
उन्हें पीयूष चावला ने शेन मार्श के हाथों कैच कराया। किंग्ज इलेवन की ओर से श्रीसंथ ने दो सफलता हासिल कीं, जबकि पीयूष चावला और वीआरवी सिंह ने एक-एक विकेट लिए।