कोलंबोभारतीय महिला क्रिकेट कप्तान मिताली राज ने कहा है कि उनकी टीम अपना विजयक्रम बरकरार रखते हुए रविवार को श्रीलंका के खिलाफ होने वाले एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में लगातार चौथी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। मिताली ने फाइनल की पूर्व संध्या पर कहा हमने टूर्नामेंट में अपने सभी छह लीग मैच जीते हैं और इसका हमें सुखद अहसास भी है लेकिन साथ ही सभी लीग मैच जीतने का तब कोई फायदा नहीं रह जाता यदि आप फाइनल हार जाएं।
इसलिए हमें फाइनल में भी अपना यही प्रदर्शन बरकरार रखना है और एशिया कप जीतकर स्वदेश लौटना है। भारत ने टूर्नामेंट में पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका से सभी दो-दो लीग मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई है। फाइनल की उसकी प्रतिद्वंद्वी श्रीलंका को उसने दोनों लीग मैच में आसानी से मात दी थी। मिताली ने कहा हमरी टीम की सभी खिलाड़ी टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं जिससे पूरी संभावना है कि फाइनल में टीम का पलड़ा श्रीलंका पर भारी रहेगा।
टूर्नामेंट में टॉप आर्डर की भारतीय बल्लेबाज कारुणा जैन, जया शर्मा, अनघा देशपांड, मिताली और रुमेली धर ने लगातर अच्छा प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए बड़े स्कोर खड़े किए हैं। यदि फाइनल में भी उनका बल्ला चलता है तो भारत को लगातार चौथी बार खिताब जतिने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। भारतीय कप्तान ने कहा श्रीलंका के खिलाफ हमें अपना शत-प्रतिशत प्रदर्शन करना होगा क्योंकि उनका क्षेत्ररक्षण अच्छा है। और उससे सतर्क रहने की जरूरत है।