News
Metros
Chandigarh Chandigarh मोहालीपंचायत चुनाव के दौरान पंजाब का यह पहला मामला होगा, जिसमें विधायक ने डिप्टी कमिश्नर पर गालियां निकालने का आरोप लगाया हो। खरड़ के विधायक बलबीर सिंह सिद्धू ने मोहाली जिले के डीसी एच.आई.एस. ग्रेवाल पर उनके (सिद्धू) घर जाकर गालियां निकालने का आरोप लगाया है। सिद्धू ने डीसी के खिलाफ इलेक्शन कमिश्नर, डीजीपी और एसएसपी को शिकायत दी है। वहीं सहकारिता मंत्री कैप्टन कंवलजीत ंिसंह के खिलाफ भी गवर्नर को शिकायत दी गई है।
सिद्धू के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 7.30 बजे डीसी उनके घर आए और अपनी सरकारी कार के हूटर बजाने लगे। वे उस समय घर पर नहीं थे और चुनाव प्रचार पर निकले हुए थे। डीसी ने पहले उनके गनमैनों को गालियां निकालीं और उन्हें छुट्टी पर जाने को कहा।
डीसी ने उनके बेटे और पत्नी को भी गालियां निकालीं। इसके बाद डीसी जगतपुरा कॉलोनी गए और वहां उनके समर्थकों से बदसलूकी की। यहां डीसी ने अपने गनमैन को कहा कि ब्लॉक समिति के कवरिंग कैंडिडेट को गोली मार दे।
यहां भी डीसी ने सिद्धू की गैरमौजूदगी में उन्हें गालियां निकालीं और कहा कि विधायक नशे के व्यापारी हैं। इसके अलावा डीसी ने वहां एसएचओ फेज-11 को बुलाकर उनके समर्थकों की एक स्कॉर्पियों को सभी कागजात होने के बावजूद इम्पाउंड करवा दिया।
मुझे डीसी और मंत्री से जान का खतरा: एमएलए
विधायक बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा है कि उन्हें कैप्टन कंवलजीत सिंह और डीसी मोहाली से जान का खतरा है। अगर उन्हें कुछ होता है तो इसके जिम्मेदार ये दोनों होंगे। उन्हें और उनके वर्कर्स को परेशान किया जा रहा है। विरोध में वे सड़कों पर जाम लगाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर फिर भी उनकी सुनवाई न हुई तो वे सुसाइड करने को मजबूर होंगे। सिद्धू ने तुरंत डीसी को बदलने की मांग की है।
एमएलए ने धमकाया: डीसी
डीसी एचआईएस ग्रेवाल का कहना है कि वे सिद्धू के घर गए ही नहीं। उन्हें शिकायत मिली, जगतपुरा कॉलोनी में सिद्धू समर्थक आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। शनिवार सुबह मेरे साथ एडीसी डवलपमेंट पुष्पिंदर सिंह ग्रेवाल जगतपुरा कॉलोनी का जायजा लेने गए। वहां तीन गाड़ियां घूम रही थीं, जिनमें चुनाव से संबंधित मटीरियल था, पर परमीशन नहीं थी। रोकने पर एक व्यक्ति उतरा और सिद्धू को फोन मिलाया। फोन पर सिद्धू ने मुझे गाड़ी चेक करने के गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी, अपशब्द कहे। मैंने पुलिस बुलाई, गाड़ी पर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
विधायक ने शिकायत इलेक्शन कमिश्नर से की है, जिसकी एक कॉपी मुझे भी भेजी है। इलेक्शन कमिश्नर इस शिकायत पर जो भी कार्रवाई करने के आदेश देंगे, उसके तहत कार्रवाई की जाएगी।
—रणबीर सिंह खटड़ा, एसएसपी, मोहाली