भोपाल. गर्मी के दौर में यह खबर राजधानी के बाशिंदों को राहत पहुंचाने वाली है। पिछले साल भले ही मानसून राजधानी पर ढंग से मेहरबान नहीं हुआ हो, पर बड़ी झील और कोलार बांध में अभी इतना पानी है कि जुलाई तक शहर की प्यास आराम से बुझती रहेगी। शहर में कोलार बांध और बड़ी झील से पानी की सप्लाई होती है। पिछले साल बारिश के दौरान बड़ी झील और कोलार बांध लबालब नहीं भरे थे, लेकिन इनमें सालभर सप्लाई लायक पानी जमा हो गया था।
नगर निगम से मिली जानकारी के मुताबिक शहर में बड़ी झील से 27 मिलियन गैलन (एमजीडी) प्रतिदिन पानी की सप्लाई होती है। झील का वर्तमान जलस्तर 1657.30 फीट है। यह 1652.00 फीट पर पहुंचने तक पानी की सप्लाई होती रहेगी। इसी तरह कोलार बांध का जलस्तर 432.90 मीटर पहुंचने तक पानी की सप्लाई का सिलसिला चलता रहेगा। अभी बांध का जलस्तर 443.76 मीटर है।
आमतौर पर जून के आखिरी हफ्ते तक शहर में मानसून सक्रिय हो जाता है। बारिश का दौर शुरू होने के साथ ही बांध और झील का जलस्तर बढ़ने लगता है। जानकारी के मुताबिक जब भीषण गर्मी पड़ती है, तो वाष्पीकरण के कारण भी झील के जलस्तर में तेजी से कमी आती है। इस बार मई में मौसम की रंगत बार-बार बदलने से तीखी धूप नहीं पड़ रही है।
इससे वाष्पीकरण कम हो रहा है। इससे भी बांध और झील के जलस्तर में गिरावट की गति कम है। ननि के एई सुबोध जैन के मुताबिक शहर में बड़ी झील से रोजाना 27 एमजीडी पानी की सप्लाई होती है। झील में अभी इतना पानी है कि जुलाई तक शहर में सप्लाई होती रहेगी।
कार्यपालन यंत्री (द्रव) शरद जैन कहते हैं कि कोलार में हर साल इतना पानी रहता है कि पानी की सप्लाई में कमी नहीं आती। इस साल भी बारिश होने तक शहर में पानी की सप्लाई आराम से होती रहेगी।