इंदौर. देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के 20 से अधिक कोर्सेस के लिए होने वाले सीईटी के लिए जहां पिछले साल इंदौर में 5 परीक्षा केंद्र थे, वहीं इस साल तेजी से बिक रहे फॉर्म को देखते हुए परीक्षा केंद्र बढ़ा दिए गए हैं। अब इंदौर में सीईटी के लिए 9 परीक्षा केंद्र होंगे। 30 मई को होने वाली परीक्षा में ऑनलाइन फॉर्म भरने वाले विद्यार्थियों को रोल नंबर देने का काम शुरू हो गया है।
पहले सीईटी परीक्षा के लिए आईआईपीएस, होलकर कॉलेज, आईएमएस, ओल्ड जीडीसी और आईईटी परीक्षा केंद्र थे लेकिन अब स्कूल ऑफ फॉर्मेसी, स्कूल ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स, महाराजा रणजीत सिंह और गुजराती कॉलेज भी परीक्षा केंद्र होंगे।
गौरतलब है कि इंदौर के अलावा दिल्ली, कोलकाता, भोपाल और रायपुर में भी सीईटी के परीक्षा केंद्र होते हैं। इंदौर से परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए फॉर्म लेने में अभी दो सप्ताह का समय बाकी है और अब तक करीब 9 हजार फॉर्म बिक चुके हैं।
कम्प्यूटर साइंस से संबंधित कोर्सेस के लिए अलग से परीक्षा हो रही है। एक ग्रुप कम होने के बावजूद पिछले साल की अपेक्षा इस साल तेजी से फॉर्म बिक रहे हैं। फॉर्म मिलने के लिए एक ही खिड़की है, जिससे लंबी कतार लगती है। विद्यार्थियों का कहना है दो खिड़की होने से असुविधा से बचा जा सकता हैं। फॉर्म मिलने के साथ फॉर्म जमा करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।