News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. शिवपुरी अनुविभाग के बम्हारी थानाक्षेत्र के डोंगरी के जंगल में शुक्रवार की देर शाम एक 60 वर्षीय वृद्ध चरवाहे की पत्थर से सिर कुचल कर हत्या कर दी गई। चरवाहे की लाश जंगल से पुलिस ने रात को बरामद की। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि मृतक के परिजन इस हत्या के पीछे डकैत पंजाब सिंह का हाथ होनी आशंका जता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार डोंगरी निवासी कप्तान सिंह गुर्जर और हरनाम सिंह गुर्जर शुक्रवार को भैंसें चराने के लिए जंगल गए हुए थे। दोपहर बाद हरनाम गुर्जर गांव लौट आया, पर कप्तान सिंह गुर्जर नहीं लौटा। जबकि देर शाम 7 बजे कप्तान सिंह की भैंसें भी लौट आई।
इस पर कप्तान सिंह के परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने जंगल में खोजबीन शुरू की। रात 9 बजे कप्तान सिंह की लाश जंगल में पड़ी मिली। इसके पास ही एक पत्थर पड़ा हुआ था, जो कि खून से सना था और पास ही बीड़ी का बंडल एवं कपड़े रखे हुए मिले।
इस घटना की सूचना मिलने पर एसपी डी सी शर्मा, टीआई कोतवाली रत्नेश सिंह तोमर एवं बम्हारी थाने का बल मौके पर पहुंचा। मृतक के रिश्तेदारों ने इस हत्या के पीछे डकैत पंजाब सिंह गुर्जर का हाथ होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि कप्तान सिंह गुर्जर के साले का विवाह भितरवार की जिस लड़की के साथ हुआ है, उससे पंजाब गैंग के डकैत करई निवासी पप्पू गुर्जर की शादी तय हुई थी, जो टूट गई।
इस कारण ही पंजाब सिंह गुर्जर गिरोह कप्तान सिंह से रंजिश रखता है। इधर एसपी डीसी शर्मा का कहना है कि हत्या के पीछे डकैत गिरोह का हाथ नहीं है, बल्कि यह आपसी विवाद हो सकता है। पुलिस का कहना है कि कोई भी डकैत हत्या के लिए किसी पत्थर का इस्तेमाल नहीं करेगा और न ही हत्या में अपना हाथ छिपाने का प्रयास करेगा। एसपी डी सी शर्मा का कहना है कि यह मामला संदिग्ध है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मृतक कप्तान सिंह गुर्जर पिछले तीन दिन से बीमार चल रहा था और उसे ग्लूकोज की बोतल भी लगाई गई थी। ऐसी हालत में भी उसका भैंस चराने के लिए जंगल जाना और संदिग्ध तौर पर हत्या होना, इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि इस हत्या में कप्तान के परिचित ही लोग शामिल रहे होंगे। पुलिस इस मामले की विवेचना कर रही है।