News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समृद्धि और विकास के बिना देश की आजादी को अधूरा बताते हुए लोगों को पूरी आजादी दिलाने का संकल्प लेने और भाजपा द्वारा इस संकल्प को हर हाल में पूरा करने की बात कही है।
उन्होंने आजादी की पहली लड़ाई 1857 की क्रांति का प्रतीक रोटी और कमल का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के 23 हजार गांवों में एक संदेश यात्रा के रूप में कमल और रोटी घर-घर जाएगी, पूरी आजादी आएगी। श्री चौहान शनिवार को साडा में आयोजित समारोह में बोल रहे थे।
श्री चौहान ने कहा कि जब तक किसानों के चेहरे पर हंसी, गरीबों को सम्मान और बेरोजगारों के चेहरे पर रोजगार की लाली नहीं आएगी, तब तक आजादी अधूरी रहेगी। भाजपा ने इसे पूरा करने का वादा किया है और हम जो वादा करते हैं, उसे हर हाल में पूरा करने का प्रयास भी करते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन साल में प्रदेश में जितने विकास कार्य हुए, उतने पिछले पचास बरसों में नहीं हुए। समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश के उच्च शिक्षा और जलसंसाधन मंत्री अनूप मिश्रा, नगरीय प्रशासन मंत्री नरोत्तम मिश्रा, राज्यसभा सदस्य मायासिंह, क्षेत्रीय विधायक बृजेन्द्र तिवारी, ध्यानेन्द्र सिंह, साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, भाजपा के शहर अध्यक्ष अभय चौधरी,ग्रामीण अध्यक्ष बज्जरसिंह गुर्जर मंचासीन थे।
गांवों और किसानों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा खेती से जनसंख्या का बोझ हटाना होगा। इसके लिए मप्र की सरजमीं पर उद्योग, धंधों को लाना होगा। उन्होंने ग्वालियर के खोये हुए गौरव को वापस लाने की बात भी कही और बताया कि इसके लिए जून के दूसरे सप्ताह में इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन ग्वालियर में किया जा रहा है। श्री चौहान ने उम्मीद जताई कि आज नहीं तो कल ग्वालियर सबके आकर्षण का केंद्र बनेगा।
समारोह के मंच पर देश के विभिन्न क्षेत्रों से आये दस निवेशक और उनके प्रतिनिधि भी मौजूद थे। आरंभ में साडा के अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह ने स्वागत भाषण में विकास कार्यो की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत की। सीईओ कुमार पुरुषोत्तम ने निवेशकों का परिचय दिया। संचालन साडा के प्राधिकृत अधिकारी मदन बाथम ने और आभार प्रदर्शन तीतुरिया यादव ने किया।
जमीन के दाम तय करेंगे किसान
मुख्यमंत्री ने साडा क्षेत्र में भविष्य में उपयोग में ली जाने वाली किसानों की जमीन की कीमत किसानों द्वारा तय किये जाने की बात भी कही। क्षेत्रीय विधायक बृजेन्द्र तिवारी ने अपने उद्बोधन में क्षेत्र के किसानों की भावना से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए यह मांग उठाई थी कि साडा में जमीन खरीदने वाला और बेचने वाला सीधे सौदा करे। इस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि ऐसा ही होगा।
समग्र विकास के प्रयास : तोमर
समारोह को संबोधित करते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र तोमर ने कहा कि प्रदेश में समग्र विकास के प्रयास मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में हो रहे हैं। आज का यह समारोह और साडा क्षेत्र में हो रहा विकास इसका प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि हमने नये ग्वालियर का जो सपना संजोया था, दुर्भाग्य से कई बार व्यवधान भी होता रहा पर अब वह सपना साकार हो रहा है।
पूरा किया संकल्प : मिश्रा
उच्चशिक्षा और जल संसाधन मंत्री अनूप मिश्रा ने कहा कि पचमढ़ी सम्मेलन में हमने विकास का जो संकल्प लिया था, उसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पूरा करने की दिशा में निरंतर सक्रिय हैं । साडा में आज जिस एजूकेशन हब के लिए शिलान्यास हुआ है, उससे विकास की नई संभावनाएं जगेंगी, रोजगार और पर्यटन के क्षेत्र में विकास के नये अवसर जुड़ेंगे।
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए कहा कि हमारे जो मित्र भाजपा की आलोचना में अनर्गल प्रलाप करते रहते हैं, वे जान लें कि भाजपा सरकार ही ऐसी सरकार है जो हर मोर्चे पर सफल रही है।
तिवारी ने की किसानों की बात
गिर्द के विधायक बृजेन्द्र तिवारी ने साडा क्षेत्र के गांवों के लिए साढ़े चार करोड़ रुपए की लागत की योजनाओं पर काम के लिए मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास किये जाने पर प्रसन्नता जताते हुए गांव वालों को रोजगार और विकास के अवसर उपलब्ध होने की बात कही।
उन्होंने सीएम को याद दिलाया कि साडा में जिन किसानों की जमीन ली गई है, उनमें से कुछ को आठ साल बाद भी मुआवजा नहीं मिला है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में मटर की फसल पर आधारित किसी उद्योग की स्थापना की मांग भी रखी।
निवेशकों ने रखी मांग
समारोह के मंच से साडा के शैक्षणिक परिसर में निवेश करने वाले सदस्यों में शामिल सुनील मंत्री ने अन्य राज्यों की तुलना में मप्र में स्टाम्प शुल्क अधिक होने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री से स्टाम्प ड्यूटी कम करने की मांग की।
इसके साथ ही साडा में भूमि की रजिस्ट्री 20 से 30 फीसदी राशि जमा कराये जाने के बाद कर देने की सुविधा देने की मांग भी की। इस पर सीएम ने उचित सहयोग करने का भरोसा दिलाया।