जयपुर. विज्ञान के प्रति घटते रुझान को देखते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने राज्य में पहली बार स्टेट साइंस ओलिंपियाड परीक्षा (एसएसओ-2008 ) आयोजित करने का निर्णय किया है। पहले चरण की परीक्षा रविवार को प्रदेश में 27 केंद्रों पर होगी, जिसमें 16 हजार परीक्षार्थी बैठेंगे।
जयपुर में 14 केंद्र बनाए गए हैं। विभागीय अधिकारी ने बताया कि सुबह 10 से 11 बजे तक होने वाली परीक्षा में 7वीं से 12वीं कक्षा तक के छात्र भाग लेंगे। परिणाम जुलाई के प्रथम सप्ताह में घोषित किया जाएगा।
परीक्षा केंद्र : राज्य में परीक्षा अजमेर, अलवर, बीकानेर, जोधपुर, पिलानी, उदयपुर में होगी। जयपुर में परीक्षा टैगोर पब्लिक स्कूल की विभिन्न शाखाओं में आयोजित की जाएगी। शास्त्रीनगर शाखा में छह, अंबाबाड़ी में दो, मेजर शैतानसिंह कॉलोनी में एक, वैशालीनगर में दो एवं मानसरोवर शाखा में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
चयन किस प्रकार होगा
पहले चरण में प्रत्येक कक्षा में से 100 छात्रों का चयन दूसरे चरण के लिए किया जाएगा। दूसरे चरण में सर्वश्रेष्ठ पेपर प्रस्तुतीकरण करने पर प्रत्येक कक्षा के प्रथम स्थान पर रहने वाल छात्र को गोल्ड मेडल व कंप्यूटर तथा गाइड करने वाले शिक्षक को दो हजार रुपए व प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
दूसरे स्थान पर रहने वाले छात्र को सिल्वर मेडल व पांच हजार रुपए की पुस्तक तथा गाइड करने वाले शिक्षक को एक हजार रुपए एवं प्रमाण पत्र दिया जाएगा। तीसरे, चौथे व पांचवें स्थान वाले को योग्यता प्रमाण पत्र व गाइड को 500 रुपए दिए जाएंगे।