जयपुर. राज्य सरकार और उनके अपनों के बीच पिछले कुछ दिनों से चल रही जमीनी जंग के बाद शनिवार को सुलह के प्रयास शुरू हो गए। इसी क्रम में राजस्थान हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अजयपाल सिंह ने मुख्यमंत्री वसुंधराराजे और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओम माथुर से अलग-अलग मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान अजयपाल सिंह ने मुख्यमंत्री को हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंपने की चर्चा थी, लेकिन इसका सरकार और अजयपालसिंह के परिजनों ने खंडन किया है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष ओम माथुर के बीच हुई शनिवार को मुलाकात के बाद सरकार ‘अपनों’ के खिलाफ कार्यवाही पर अब एक बारगी रोक लगा सकती है।
रुक सकता है एक्शन : अपनों पर जमीनी हमले पार्टी नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद एक बार रुक सकते हैं। जानकार सूत्रों ने बताया कि यह मामला पार्टी आलाकमान के पास पहुंच गया है।
इसके बाद पार्टी के ओर से मुख्यमंत्री को इस मामले में संयम बरतने को कहा गया। इस मामले में शनिवार को मुख्यमंत्री से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओम माथुर ने मुलाकात की। हालांकि, माथुर ने इस मुलाकात को औपचारिक बताया। इस मामले पर चर्चा करने के लिए प्रदेश प्रभारी गोपीनाथ मुंडे शनिवार को जयपुर आ रहे हैं। उनका कोटा जाने का भी कार्यक्रम है।