HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

मौसम ने दिखाए कई रंग

जयपुर. weatherराजधानी में शनिवार को मौसम ने कई रंग दिखा दिए। सवेरे कड़ी धूप, तो दोपहर में आंधी और शाम को ओलावृष्टि के साथ बरसात हुई। मानसरोवर में एक मकान में बिजली गिरने से छत पर छेद हो गया और एक बच्ची झुलस गई, जिसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जौहरी बाजार में कुछ देर के लिए चने के आकार के ओले गिरे। शहर में 3 मिमी बरसात रिकॉर्ड की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।

राजधानी में सवेरे 9 से 12 बजे तक तेज गर्मी थी। इसके एक घंटे बाद आसमान में धूल छा गई, तेज हवा चलने लगी। अपराह्न् करीब तीन बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ स्थानों पर बारिश का दौर शाम 4 बजे तक जारी रहा। रात तक ठंडी हवा चलती रही। देर रात शहर में बिजली कड़कने के साथ फिर जोरदार बारिश हुई।

पर्यटक स्थलों पर रौनक बढ़ी : मौसम बदलते ही शहर के पर्यटक स्थलों पर रौनक बढ़ गई। रामनिवास बाग, जलमहल, आमेर, नाहरगढ़, जयगढ़, सिटी पैलेस, हवामहल, जंतर-मंतर पर देसी-विदेशी पर्यटकों ने बरसात में भीगने का आनंद लिया। शाम को बाग-बगीचों में भी चहल-पहल रही।

दस साल में अधिकतम तापमान सबसे कम : जयपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो मई में पिछले दस साल के दौरान सबसे कम है। मौसम विभाग के अनुसार मई में 1998 से लेकर 2007 तक अधिकतम तापमान 44 से 46.6 डिग्री तक रहा। 1998 में पारा 46.6 डिग्री को छू गया था।

बारिश ने की बिजली गुल
शहर में शनिवार दोपहर आई तेज हवाओं व हल्की बरसात से बिजली लाइनों में हुए फॉल्ट ने कई इलाकों में बिजली गुल कर दी। बिजली कर्मचारियों ने बड़ी मशक्कत के बाद ही बिजली सप्लाई दुबारा शुरू की जा सकी।

बरसात से आगरा रोड, दिल्ली रोड, रामगढ़ मोड़, पुरानी चुंगी, विश्वकर्मा, मुरलीपुरा, झोटवाड़ा के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने से परेशान उपभोक्ताओं ने बिजली कंपनी के शिकायत केंद्रों पर फोन किया, लेकिन 2-3 घंटे तक राहत नहीं मिली।

निवारू रोड के महेंद्र खोवाल ने बताया कि बिजली गुल होने पर शिकायत केंद्र पर फोन किया, लेकिन शाम तक बिजली नहीं आई तो एईएन को भी फोन किया। हैरानी है कि एईएन ने फोन ही नहीं उठाया।

वहीं, बिजली वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता जी.डी.वशिष्ठ ने बताया कि ट्रिपिंग की वजह से कई जगह बिजली गुल रही, लेकिन बरसात रुकते ही सभी इलाकों में बिजली सप्लाई नियमित शुरू कर दी गई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: