हैदराबाद. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के खिलाड़ी रिकी पोंटिंग ने आईपीएल में खेल रहे सभी ऑसी खिलाड़ियों से कहा है कि वे लीग छोड़ें और वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए चलें।
22 मई से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए पोंटिंग ने अपने खिलाड़ियों से कमाऊ लीग छोड़कर देश के लिए खेलने को कहा है। द डेली टेलीग्राफ की रिपोर्ट में पोंटिंग के हवाले से लिखा गया है कि मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया में लोग अपनी राष्ट्रीय टीम को खेलते हुए देखना ज्यादा पसंद करेंगे क्योंकि भारतीय लीग में ज्यादातर रिटायर्ड खिलाड़ी ही खेल रहे हैं।
पोंटिंग ने यह कहकर जताने की कोशिश की है कि खिलाड़ी टीवी रेटिंग के युद्ध के चक्कर में न पड़ें। पोंटिंग ने यह भी कहा कि अगर मैं अपने लाउंज रूम में खाली बैठा हूं तो एक परंपरावादी क्रिकेटर होने के नाते मैं आईपीएल के बजाय टेस्ट क्रिकेट देखना पसंद करूंगा।