हैदराबाद. मुंबई और चेन्नई के बाद राजनीतिक दलों के दबाव की वजह से अब हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (एचसीए) को भी आईपीएल मैचों के दौरान चीयरलीडर्स की ड्रेस में बदलाव करने का फैसला करना पड़ा है। रविवार से ही लागू हुए इस नए ड्रेस कोड के कारण कोलकाता नाइट राइडर्स और डेक्कन चार्जर्स के बीच हुए मैच में चीयरलीडर्स पूरे कपड़ों में नजर आई।
यहां पत्रकारों से चर्चा के दौरान आंध्रप्रदेश भाजपा के सचिव प्रभाकर ने बताया कि एचसीए के सचिव शिवलाल यादव, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बी दत्तात्रय और पुलिस अधिकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद चीयरलीडर्स की ड्रेस में बदलाव करने पर सहमति बनी है।
एचसीए अधिकारियों ने बीजेपी को यह लिखित आश्वासन भी दिया कि चीयर लीडर्स का नया ड्रेस कोड रविवार के मैच से ही लागू किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद बीजेपी ने उप्पल क्रिकेट स्टेडियम के बाहर अपने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को स्थगित कर दिया।