HomeSportsOther Sports Other Sports

अजलान शाह हॉकी में भारत की पहली जीत

इपोह. अजलान शाह हॉकी बहुत दिनों बाद हॉकी के मैदान से एक अच्छी खबर आई है। युवा ड्रैग फ्लिकर दिवाकर राम के दो गोलों की मदद से भारत ने रविवार को हुए मुकाबले में कनाडा को 3-1 से हरा दिया। मलेशिया के शहर इपोह में चल रहे अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट में भारत की यह पहली जीत है। इससे पहले अजलान शाह के अपने दोनों मैचों में भारत को न्यूजीलैंड और अर्जेटीना से हार का सामना करना पड़ा था।

हालांकि भारत इस मैच को और अधिक अंतर से जीत सकता था, पर कनाडा के गोलकीपर माइक माहूत ने कुछ अच्छे बचाव कर अपनी टीम की हार के अंतर को कम कर दिया।

मैच के 9 वें मिनट में कनाडा को मिले दूसरे पेनाल्टी कॉर्नर को वेन फर्र्नाडीज ने भारतीय गोलकीपर ऐड्रियन डिसूजा को छकाकर गोल कर दिया। संदीप सिंह के स्थानापन्न के रूप में आए 19 वर्षीय युवा ड्रैग फ्लिकर दिवाकर राम ने मैच के 45वें मिनट में मिले पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर भारत को बराबरी पर ला दिया। यह पेनाल्टी स्ट्रोक भारत को चौथे पेनाल्टी कॉर्नर पर एसवी सुनील के हिट को कनाडा की रक्षा पंक्ति द्वारा गलत तरीके से रोकने के कारण हासिल हुआ।

युवा दिवाकर मैच के 51वें मिनट में मिले सातवें पेनाल्टी कॉर्नर को एक बार फिर गोल में तब्दील करने में सफल रहे। इसके दो मिनट बाद ही कप्तान सरदारा सिंह की फ्री हिट एसवी सुनील की स्टिक से टकराकर शिवेंद्र सिंह के पास गई, शिवेंद्र ने गेंद को गोल में डालकर भारत की 3-1 से जीत पर मुहर लगा दी। कनाडा ने बराबरी करने की भरपूर कोशिश की, पर भारत की रक्षा पंक्ति ने शानदार बचाव कर टीम की बढ़त को कम करने का कोई मौका कनाडा के हाथ लगने नहीं दिया।

मैच की समाप्ति पर टीम के कोच अजय कुमार बंसल ने कहा कि टूर्नामेंट में बने रहने के लिए हमें एक जीत की तलाश थी। बंसल ने इस जीत का श्रेय टीम के युवा खिलाड़ियों को दिया। भारत का अगला मैच सोमवार को बेल्जियम से होगा। आत्म विश्वास से लबरेज दिख रहे कोच बंसल ने कहा ‘ अगर टीम की फारवर्ड लाइन इसी तरह से बेल्जियम के खिलाफ भी खेलती है तो मुझे नहीं लगता कि टीम को बेल्जियम को हराने में कोई परेशानी होनी चाहिए।’





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: