HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

विवेक ने भी मुंह खोला

विवेक ओबरॉय विवेक ओबरॉय के पास भले ही फिल्में नहीं है, बावजूद इसके वे खुद की कीमत कुछ ज्यादा ही बढ़ा चुके हैं। हाल ही में विवेक ने फिल्म के मेहनताने के लिए जो मुंह खोला तो उसकी गूंज पूरी इंडस्ट्री में सुनाई देने लगी। सूत्रों के मुताबिक श्याम बेनेगल उन्हें अपनी नई फिल्म ‘चमकी चमेली’ में लेना चाहते थे, लेकिन विवेक ने उनसे 3 करोड़ से भी अधिक रकम मांगी। विवेक की इस मांग को सुनते ही श्याम बेनेगल ने उन्हें फिल्म में न लेना ही उचित समझा।

गौरतलब है कि श्याम बेनेगल ने पिछले साल ही ‘चमकी चमेली’ की घोषणा की थी। पूर्व में इस फिल्म के लिए उन्होंने उर्मिला और जिमी शेरगिल को चुना था और इसका निर्माण चेतन मोतीवाला करने वाले थे। इस बात को लंबा समय बीत चुका है और अब यह फिल्म रिलायंस फिल्म्स ने ले ली है। रिलायंस के पास फिल्म के आने के बाद नायक के रूप में कोई अच्छा कलाकार लेने की बात की गई। इसके चलते श्याम बेनेगल ने विवेक से संपर्क किया। विवेक भी श्याम बेनेगल के साथ काम करना चाहते थे इसलिए मीटिंग के लिए तैयार हुए। मीटिंग में उन्होंने कहानी सुनी। कहानी सुनने के बाद विवेक की बात सुनते ही श्याम बेनेगल चकित हो गए और तुरंत ही मीटिंग खत्म कर निकल पड़े। अब इस फिल्म के लिए कोई नया नायक चुना जा रहा है। अक्टूबर में यह फिल्म फ्लोर पर जाने वाली हैं। श्याम बेनेगल की इस संगीतमय फिल्म को संगीत दे रहे हैं एआर रहमान और गीत लिखे हैं जावेद अख्तर ने।

अब विवेक को भला कौन समझाए कि ‘शूट आउट एट’ लोखंडवाला को प्रदर्शित हुए लंबा समय हो चुका है। भले ही इस फिल्म ने ठीक-ठाक बिजनेस किया, लेकिन इसकी कामयाबी में संजय दत्त जैसे दिग्गज अभिनेता व अन्य कई कलाकारों और थीम का भी हाथ है। ऐसे में विवेक किस आधार पर इतना मेहनताना मांग रहे हैं, यह समझ से परे है। खैर श्याम बेनेगल भी इस मामले में अपना ज्यादा दिमाग लगाने से बेहतर अपने नए प्रोजेक्ट पर किसी अच्छे कलाकार के साथ ध्यान देना चाहते हैं। विवेक के लिए तो बस यही कामना की जा सकती है कि वे अपने कैरियर की स्थिति को देखते हुए जरा अपने विवेक से काम लें। इस तरह करोड़ों मांग कर अच्छे निर्देशकों की फिल्में ठुकराएंगे, तो उनके भविष्य के लिहाज से ठीक नहीं होगा!





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: