Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
बड़े परदे की नायिकाओं को इन दिनों गुरूर हो चला है कि उनकी जगह कोई ले ही नहीं सकता। करीना, बिपाशा और प्रियंका जैसी अभिनेत्रियां तो इसी मुगालते में रहती हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। अब इन सुंदरियों की गलतफहमी जल्दी ही दूर होने वाली है। सूत्रों के मुताबिक छोटे परदे का चर्चित चेहरा प्राची देसाई अब बड़े परदे पर भी अपना जलवा बिखेरने में कामयाब होता नजर आ रहा है। ‘रॉक ऑन’ फिल्म में फरहान अख्तर की नायिका के रूप में रुपहले परदे पर कदम रखने जा रही प्राची को हाल ही में अब्बास-मस्तान ने भी अपनी नई फिल्म में लिया है। खास बात यह है कि अब्बास-मस्तान पहले इस फिल्म में बिपाशा बसु को ले रहे थे, लेकिन बिपाशा के नखरों से परेशान होकर उन्होंने प्राची को मौका देने का निर्णय किया है। प्राची ने भी खबर की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि अब्बास-मस्तान अब निर्देशन के साथ-साथ फिल्म निर्माण में भी उतर रहे हैं। उनकी पहली फिल्म का निर्देशन रूमी जाफरी कर रहे हैं। इस फिल्म के लिए बिपाशा ने अपनी कीमत इतनी ज्यादा बताई कि अब्बास-मस्तान ने उस कीमत पर बिपाशा के साथ काम न करना ही उचित समझा। उन्होंने बिपाशा से कीमत कम करने की भी अपील की, लेकिन बिपाशा इसके लिए तैयार नहीं हुईं। बिपाशा द्वारा फिल्म ठुकराने के बाद अब्बास-मस्तान ने प्राची से संपर्क किया और प्राची के तैयार होने पर उसे फिल्म के लिए साइन कर लिया गया। फिल्म में गोविंदा, तुषार कपूर और फरदीन खान मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। नायिकाओं के रूप में प्राची के अलावा जेनेलिया डिसूजा को साइन किया है व और एक नायिका की तलाश जारी है।