HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

तनुश्री चाहती हैं सोलो किरदार

तनुश्री दत्ता अभिनेत्री तनुश्री दत्ता का आदित्य दत्त के साथ लंबे समय तक प्रेम प्रसंग चला। बाद में किन्हीं कारणों से दोनों के बीच अलगाव हो गया। अब आलम यह है कि तनुश्री ने आदित्य से मनमुटाव के चलते उनकी एक फिल्म में भी काम करने से इनकार कर दिया है। तनुश्री के नखरे आजकल इस कदर बढ़े हुए हैं कि वे सिर्फ उन्हीं फिल्मों में काम करना चाहती हैं, जिनमें सिर्फ उनका ही काम उभर कर आए। यानी एकल अभिनेत्री वाली फिल्में। दूसरी ओर उनके पूर्व प्रेमी आदित्य पुरानी बातों को भूलकर तनुश्री के साथ फिर से सौहाद्र्र पूर्वक रिश्ता बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने तनुश्री के लिए फिल्म बनाने का सहारा लिया था, लेकिन उनकी योजना तनु के व्यवहार के कारण खटाई में पड़ती नजर आ रही है।

हुआ यूं कि आदित्य ने पिछले दिनों तनुश्री को फोन किया और उनसे मिलने की इच्छा जताई, तब तनुश्री ने उनसे मिलने से भी इनकार कर दिया। आदित्य ने हालात देखते हुए बात घुमाई और कहा कि वे सिर्फ फिल्म के सिलसिले में ही उनसे मिलना चाहते हैं, तो वे तैयार हो गईं और दोनों की मुलाकात हुई। आदित्य ने तनुश्री को फिल्म की कहानी सुनाई, उनका किरदार भी सुनाया। किरदार पसंद आने पर तनुश्री ने काम करने के लिए हामी भी भर दी। बातचीत में जब आदित्य ने कहा कि फिल्म में और दो नायिकाएं भी हैं, तो तनुश्री भड़क गईं और उन्होंने आदित्य को वहां से तुरंत चले जाने के लिए कहा। तनुश्री ने उनसे कहा अगर सोलो नायिका का किरदार हो तो ही वह उनके पास आएं।

तनुश्री ने आदित्य के साथ मीटिंग की बात स्वीकार कर बताया कि तीन नायिकाओं वाली फिल्म में उनके हिस्से कुछ नहीं आएगा, इसलिए उन्होंने आदित्य की फिल्म में काम करने से मना किया। तनु इंडस्ट्री में मल्लिका शेरावत की तरह ही आगे बढ़ना चाहती हैं, लेकिन मल्लिका यदि बोल्ड हैं, तो उनके पास काम करने का भी तरीका है, जहां तनु मात खा रही हैं। पहले नाना पाटेकर और अब आदित्य से तनुश्री के इस बर्ताव की बॉलीवुड में खूब आलोचना हो रही है। तनु का ऐसा व्यवहार कहीं उनके कैरियर ग्रोथ के लिए नुकसानकारी न हो जाए!





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: