होशंगाबाद, बैतूल, छिंदवाड़ा, सीहोर. रविवार को होशंगाबाद, हरदा, सीहोर, बैतूल और छिंदवाड़ा में बारिश से मौसम सुहावना हो गया लेकिन खुले में रखा गेहूं गीला हो गया। आंधी चलने से आम की फसल को नुकसान हुआ है।
होशंगाबाद और हरदा जिलों में तेज हवाएं चलने के साथ करीब 20 मिनट तक हल्की बारिश हुई। इससे हाट बाजार और मंडियों में खुले में रखा अनाज भीग गया। होशंगाबाद में 42 डिग्री तक पहुंचने वाला तापमान 38.9 डिग्री पर आ गया। पिपरिया में भी आंधी से आम की फसल को नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने के संकेत दिए हैं।
बैतूल में रविवार को दोपहर करीब 3 बजे मौसम में अचानक परिवर्तन हुआ। इस दौरान काफी देर तक तेज हवाएं चलीं। इसके साथ ही बैतूल, घोड़ाडोंगरी, सारनी, भैंसदेही सहित अन्य क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई, जबकि बैतूल बाजार क्षेत्र में करीब 40 मिनट तक बारिश हुई। इस बारिश से बैतूल बाजार समिति द्वारा किसानों से खरीदकर खुले में रखा गया करीब 400 क्विंटल गेहूं गीला हो गया।
सीहोर जिले में भी दोपहर में करीब आधा घंटे तक आंधी के साथ बारिश हुई। इससे ग्रामीण इलाकों में कुछ पेड़ उखड़ गए। राजगढ़ जिले में भी बूंदाबांदी हुई। छिंदवाड़ा में रविवार दोपहर को बूंदाबांदी हुई, जिससे शहरवासी उमस से हलाकान हो गए। जिला मुख्यालय के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश की खबर है।