जयपुर. कुछ दिन से बारिश, आंधी और ओलों के बाद प्रदेश में रविवार को मौसम ने फिर पलटा खाया। आकाश से बादल गायब होते ही अधिकतर जगहों का तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ गया। कोटा संभाग में हल्की व तेज बारिश के बीच उमस रही, जबकि शेखावटी में दोपहर बाद आंधी चली।
उमस ने सताया, वर्षा ने दी राहत : झालावाड़ जिले के रायपुर कस्बे में 15 मिनट तक तेज बारिश हुई। उसके बाद आसमान में काले बादल छाए रहे। कोटा में सुबह आसमान साफ था, लेकिन दोपहर में बादल घिर आए और हल्की बूंदा-बांदी होने के बाद लोग दिनभर उमस से परेशान रहे।
फिर दिखे गर्मी के तेवर : जयपुर में शनिवार शाम की तेज बरसात के बाद रविवार सुबह से ही गर्मी शुरू हो गई थी। पारा 36 से बढ़फिर 39 डिग्री पहुंच गया। अजमेर में रविवार सुबह हल्की ठंडी बयार चलने से लोगों को राहत मिली लेकिन दोपहरी गर्म हो गई। बीकानेर में पारा दो डिग्री से ज्यादा बढ़ा। जोधपुर में भी सूरज के तेवर तीखे रहे। यहां भी पारे में तीन डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
आंधी ने सताया: शेखावाटी में पिछले कुछ दिनों से दिन में गर्मी व शाम को आंधी लोगों के लिए पीड़ादायी साबित हो रही है। रविवार को सीकर, झुंझुंनूं तथा चूरू क्षेत्र में दोपहर बाद आंधी चली। श्रीगंगानगर में भी दिनभर धूलभरी हवाएं चलती रही। यहां दिन का तापमान मामूली बढ़ोतरी के साथ 41 डिग्री के नजदीक पहुंच गया।
रात का तापमान भी बढ़ा: प्रदेश के कई इलाकों में रात का तापमान भी बढ़ गया है। जोधपुर में शनिवार को गत रात्रि के मुकाबले पारा चार डिग्री बढ़ा। उदयपुर में तापमान 19.4 डिग्री से बढ़कर 26 डिग्री तथा बीकानेर में 22.6 से 24.6 डिग्री पर पहुंचा। इसी तरह जैसलमेर, जयपुर, बाड़मेर में रात का पारा घटा है।
ऐसे बढ़ा दिन का तापमान
क्षेत्र - शनिवार - रविवार
जयपुर - 36.0 - 38.8
जोधपुर - 35.3 - 36.8
उदयपुर - 35.6 - 38.4
बीकानेर- 38.6 - 41.0
श्रीगंगानगर- 38.9 - 40.8
चूरू - 38.9 - 39.4