HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

क्रिकेट खास, जयपुर आया रास

जयपुर. क्रिकेट खास, जयपुर आया रास एसएमएस स्टेडियम में एक के बाद एक हो रहे मैच दर्शकों को लुभा रहे हैं। रविवार को छुट्टी के फ्री मूड ने राजस्थान रॉयल्स के एक और मैच का मजा लेने भारी संख्या में दर्शक पहुंचे। उत्साह वही पहले की तरह। शाम तक उत्साह चरम पर पहुंच गया। जिनके पास टिकट थे, वे कतार में खड़े थे। प्रवेश शुरू हुआ तो ‘हल्ला बोल’ की गूंज सुनाई देने लगी। मैदान के अंदर और बाहर राजस्थान रॉयल्स की जीत की कामना थी। चाहे चौका विरोधी टीम का हो या छक्का अपनी टीम का, चहुंओर जश्न का माहौल था। चीयर लीडर्स के ठुमकों पर उनकी भी थिरकन नहीं रुक रही थी। राजस्थान रॉयल्स की जीत पर ‘हल्ला बोल’ कर पूरा स्टेडियम थिरक उठा।

हिट हो गए मैच
भाई-बहन और पिता के साथ मैच देखने पहुंचे विद्याश्रम स्कूल के सातवीं के छात्र अक्षय जैन ने कहा, वन डे भी देखा है, लेकिन इसका मजा कुछ और ही है। हिट हो गए ये मैच। आदर्श विद्या मंदिर के रितेश शर्मा ने बताया कि जब से ये मैच आए हैं, टेस्ट मैच तो धुल ही गए। स्कूली छात्र विश्वास का कहना था कि एग्जाम खत्म होने के बाद अब इन मैचों का लुत्फ उठाना उसे अच्छा लग रहा है।

नए-नए नारे, राजस्थान की जीत के भी
अब तक हुए मैचों में इस बार पहली दफा कई नए-नए नारे सुनाई दिए। ‘राजस्थान जीतेगा’ के नारे एक ब्लॉक में गूंज रहे थे तो दूसरे ब्लॉक में ‘एक, दो, तीन, चार राजस्थान की जयजयकार’ जैसे नारे लगाए जा रहे थे। जैसे ही रॉयल्स के विदेशी फील्डर साउथ ब्लॉक की दर्शक दीर्घा के नजदीक आते, कई युवा नारा लगाते ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’। इस पर दर्शकों की हंसी के फव्वारे छूट पड़ते। इनके अलावा ‘हर-हर महादेव’ और ‘आई लव यू’ जैसे नारे भी स्टेडियम में सुनाई दिए।

मैदान में शॉट, बाहर जश्न : मैच शुरू होने के निर्धारित समय बाद भी सभी गेटों पर दर्शकों की भारी संख्या जुटी रही। मैदान में जैसे ही कोई शॉट लगने पर शोर सुनाई देता तो बाहर भी दर्शक हूटिंग शुरू कर देते। इसके साथ ही एंट्री गेट के समीप भीड़ जुट जाती, जिन्हें पुलिस खदेड़ देती। इंजीनियरिंग स्टूडेंट रोहित एण्ड कंपनी का कहना था कि अब मैच के टिकट तो नहीं मिले तो क्यूं नहीं ऐसे ही आनंद उठाया जाए।

सब कुछ महंगा : दर्शक दीर्घा में बैठे मोहम्मद जुबैद ने बताया कि 15 रुपए का समोसा, 30-35 रुपए की आइसक्रीम, 20 रुपए की पानी की बोतल बेचना सही नहीं था। इसे दर्शकों की मजबूरी का फायदा उठाना ही कहेंगे।

कई गैलरियों में पानी : कुछ ब्लॉक की कई गैलरियों में पानी भरा होने से क्रिकेटप्रेमियों को परेशानी उठानी पड़ी। कुछ लोग, जिनमें बच्चे भी शामिल थे, कह रहे थे- ‘ललित मोदी को बुलाओ और ये दिखाओ।’

पुलिसकर्मी बजा रहे थे सीटी : टिकटार्थियों को भले ही जगह नहीं मिली, कई पुलिसकर्मी सीटों पर जमा थे। मजे की बात कि हर अच्छे शॉट या विकेट पर एक पुलिसकर्मी तो दर्शकों के साथ सीटियां भी बजाने में नहीं हिचकिचा रहा था।

वी वॉन्ट चीयर गर्ल्स : एक ब्लॉक के सामने डांस कर रही चीयर गर्ल्स डेयर डेविल्स के लगातार विकेट गिरने के दौरान बैठी रहीं। दर्शकों को यह अखरा और उन्होंने ‘वी वॉन्ट चीयर गल्र्स’ से उन्हें उत्साहित किया। चीयर गल्र्स ने भी दर्शकों को निराश नहीं किया और उनकी ओर मुखातिब हो डांस करने लगीं।

बदला ले, यही जुनून: पूर्व में दिल्ली डेविल्स से हार चुकी रॉयल्स के प्रति इस बार क्रिकेटप्रेमियों में ज्यादा उत्साह था। वे चाहते थे कि रॉयल्स बदला ले। इसलिए राजस्थान की जीत के कमेंट्स दर्शक दीर्घा से आ रहे थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: