जयपुर. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राजस्थान हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अजयपाल सिंह और स्वायत्त शासन राज्यमंत्री रहे प्रतापसिंह सिंघवी के कथित भ्रष्टाचार और जमीनी घोटालों के बारे में कहा कि आप देखते रहिए, आगे क्या-क्या होता है। उनसे पूछा गया था कि क्या मंत्रियों पर भी कार्रवाई की जाएगी?
मुख्यमंत्री ने जमीन मामलों की सीबीआई जांच संबंधी कांग्रेस की मांग खारिज कर दी और उलटे सवाल किया कि कांग्रेस किस मुंह से सीबीआई जांच की मांग कर रही है। उनके शासन में भी मंत्रियों के भ्रष्टाचार के कई मामले उजागर हुए थे, तब उन्होंने सीबीआई जांच कराई थी क्या? इससे पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर ने भी कांग्रेस की सीबीआई जांच की मांग को नाजायज करार देते हुए कहा था कि इसकी कोई जरूरत नहीं है। जांच करने और कार्रवाई करने में राज्य सरकार ही सक्षम है।