bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

पायल होटल में आग लगी

रायपुर. पंडरी स्थित तीन मंजिला पायल होटल के ग्राउंड फ्लोर पर आज रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। इसका धुआं ऊपरी मंजिलों में पहुंचा और भगदड़ के हालात बन गए। दोनों मंजिलों में पार्टियां चल रही थीं। अंधेरे में लोग मोबाइल की रोशनी से पीछे के रास्ते से भागे।

बताते हैं, आग मीटर में लगी। उसके बाद अंधेरा छा गया। आग ग्राउंड फ्लोर पर फैलने लगी। होटल प्रबंधन आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान पहली मंजिल पर किसी को भनक भी नहीं लगी। यहां अशोका हाइट्स के 20 परिवार इकट्ठे थे। उनकी किटी पार्टी चल रही थी। दूसरी मंजिल में भी 15 लोगों की पार्टी थी। वे नीचे न आए, इसलिए ऊपर से नीचे आने वाली सीढ़ी का दरवाजा बंद कर दिया गया।

इस बीच दोनों मंजिलों में धुआं भरने लगा और देखते ही देखते वहां अफरातफरी मच गई। लोगों ने नीचे उतरने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा बंद था। चूंकि पार्टी में छोटे बच्चे भी थे, इसलिए चीख-पुकार भी मचने लगा। धुआं निकलने का कोई इंतजाम नहीं था, इसलिए दिक्कतें और बढ़ गई। बच्चों का खांसी से बुरा हाल था।

किसी तरह बड़े लोगों ने बच्चों को उठाकर रास्ता ढूंढा और मोबाइल की रोशनी में किचन के रास्ते बाहर आए। अव्यवस्था को लेकर वे खासे नाराज थे। होटल प्रबंधन से उनका झगड़ा भी हुआ। बाहर आने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। इस बीच फायर बिग्रेड की गाड़ी ने आग पर काबू पा लिया। आग ग्राउंड फ्लोर तक ही सीमित रही। नीचे प्लास्टिक, पेंट जलने की वजह से वहां धुएं का गुबार ज्यादा था।

सूचना पर पंडरी पुलिस वहां पहुंची थी। तीन मंजिले होटल में आग की सूचना से विभाग में भी हड़कंप था। देवेंद्रनगर से भी स्टाफ भेजा गया। पुलिस के अनुसार आगजनी में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन धुएं की वजह से लोग जरूर परेशान रहे। अफसरों का कहना है कि ओवरलोड की वजह से मीटर में आग लगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: