News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. स्टेशन रोड की 60 से भी ज्यादा दुकानों को सड़क चौड़ीकरण के लिए तोड़ने तहसीलदार की नोटिस से गुस्साए कारोबारियों ने विरोध जारी रखा है। उन्होंने वनमंत्री बृजमोहन अग्रवाल और सांसद रमेश बैस के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विद्याचरण शुक्ल का दरवाजा भी खटखटाया है। आज उन्हें सारी स्थिति से अवगत कराया गया।
व्यापारियों ने रविवार को भी दुकानें बंद रखीं। श्री शुक्ल के आग्रह पर कलेक्टर सोनमणि वोरा ने व्यापारियों को दुकानें खोलने कहा और उन्हें सोमवार सुबह मुलाकात के लिए बुलाया। इसी दौरान सुबह 11 बजे स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारे के हाल में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में व्यापारियों के अलावा नेताप्रतिपक्ष कुलदीप जुनेजा, कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी, और चैंबर आफ कामर्स के शांतिलाल पारेख उपस्थित थे।
श्री तिवारी ने कहा कि सरकार और राजनेताओं को ऐसे किसी भी कदम उठाने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि 63 दुकानदारों के परिवारों का पेट सिर्फ इसी व्यवसाय के भरोसे है। व्यापारी संघ के अध्यक्ष गणोशचंद्र यदु ने बताया कि व्यापारी कल उपतहसीलदार पुलक भट्टाचार्य से दस्तावेज समेत मिलने गए थे, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
सचिव किशोर आहूजा ने कहा कि दुकानें आजादी के पहले से चल रही हैं। सभी के परिवार वाले सिर्फ इन्हीं दुकानों पर निर्भर हैं। अगर शहर में किसी और जगह कोई दुकान खरीदने की सोचेगा तो यह उसके बस की बात नहीं होगी।
संघ के सहसचिव सुरेंद्र हंसपाल ने कहा कि सरकार पहले दुकानों के पीछे खाली स्थानों पर विस्थापन करे और फिर कब्जा हटाने जैसे किसी निर्णय के बारे में सोचे। इसके लिए राज्य शासन को रेलवे से बातचीत कर पीछे की जमीन मांगनी चाहिए।
दुकानदारों ने शुरू किया होमवर्क
तहसील आफिस से नोटिस के सबंध में व्यापारियों ने भी होमवर्क शुरू कर दिया है। वकील से सलाह मशवरे के साथ-साथ उन्होंने पुराने दस्तावेज और फैसले एकत्र करने शुरू कर दिए हैं। वकील की सलाह पर व्यापारियों ने किसी अप्रिय स्थिति से निपटने कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रखी है।