bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

बस की टक्कर, तीन मौत

पांडातराई (कवर्धा). बिलासपुर से कवर्धा जा रही बस ने रविवार शाम 4.30 बजे एक साइकिल पर जा रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में सुखदेव बंजारे (30), उसकी गर्भवती पत्नी सुरेखा (26) और बेटे राजाराम (5) की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद उत्तेजित लोगों ने चक्काजाम कर दिया था।

चारभाटा निवासी सुखदेव परिवार के साथ शादी में शामिल होने ग्राम बिनौरी जा रहा था। रास्ते में पीछे से आ रही छत्तीसगढ़ ट्रेव्हल्स की बस (सीजी 08 9सी 5012) ने पांडातराई के पास उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। सुखदेव और उसके बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

गंभीर रूप से घायल पत्नी को लोगों ने पंडरिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस बीच ड्राइवर और कंडक्टर बस को पांडातराई थाने में छोड़कर फरार हो गए।

घटना से नाराज भीड़ ने शवों को रास्ते में रखकर जाम लगा दिया। लोग इस बात पर अड़े थे कि जब तक आरोपी बस चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर उनके सामने नहीं लाया जाता, वे शव को उठाने नहीं देंगे।

कलेक्टर सिद्धार्थ कोमल परदेशी, एसपी सुंदरराज भी मौके पर पहुंच गए थे। समझाइश के बाद रात 10.20 बजे शवों को हटाकर पोस्टमार्टम के लिए पांडातराई भेजा गया। मृतकों के परिजनों को मुआवजे का आश्वासन दिया गया है। लोगों की नाराजगी इस खस्ताहाल मार्ग को लेकर है, जिसे बनाने का काम पिछले कई महीने से चल रहा है। रास्ता जगह-जगह खुदा पड़ा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: