News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. सड़क पर साइकिल खड़ी करने की बात को लेकर देवरीखुर्द में एक आटो चालक ने परिजन के साथ मिलकर शुक्रवार को एक पोलियो ग्रस्त युवक की पिटाई कर दी थी। मारपीट में घायल युवक को पहले सिम्स और बाद में हालत गंभीर होने पर मेकाहारा रायपुर में भर्ती कराया गया था। रविवार को उसकी मौत हो गई। यह खबर सुनकर उसके परिजन व मोहल्लेवासी आक्रोशित होकर आटो चालक के घर में घुस गए और वहां जमकर हंगामा मचाया।
तोरवा पुलिस के अनुसार रविवार की दोपहर लगभग 2:30 बजे अटल आवास, देवरीखुर्द निवासी यूसुफ खान पिता यूनुस (30) व राशिद पिता यूनुस खान अपने घर में थे। तभी 40-45 लोग जबरदस्ती उसके घर में घुसने लगे। शोरगुल सुनकर वे बाहर पहुंचे। तो लोगों ने उनसे मारपीट शुरू कर दी। आक्रोशित भीड़ उन पर विकलांग युवक राहुल सिंह की हत्या का आरोप लगा रही थी।
इस बीच कुछ लोग उनके घर के अंदर घुस गए। उन्होंने घर के भीतर रखे सामान से तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने घर में रखे फर्नीचर, रेडियो, ड्रेसिंग टेबल सहित अन्य वस्तुओं से तोड़फोड़ के साथ अनाज आदि बिखरा दिया। भीड़ ने घर के बाहर खड़े दो आटो में आग लगा दी। घर के भीतर मौजूद अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई। इस बीच किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी। कुछ लोग घर में भी आग लगाने की कोशिश कर रहे थे।
तभी पुलिस वहां पहुंच गई और वे भाग निकले। मारपीट में यूसुफ व राशिद को गंभीर चोट आई। दोनों को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने रमजान मुसलमान, बाबूलाल सोनी, राहुल मारवाड़ी, लल्लू साहू, बल्लू साहू, मोहित व अन्य के खिलाफ धारा 147, 452, 294, 506, 323, 427, 435 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
क्या है मामला
हाउसिंग बोर्ड कालोनी, देवरीखुर्द निवासी आरबी सिंह का बेटा राहुल 7 मई को घर से कुछ दूर पर गुपचुप खाने गया था। उसने अपनी साइकिल सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी बीच मोहल्ले का आटो चालक अख्तर वहां पहुंचा और उसे साइकिल हटाने के लिए गाली-गलौज करने लगा। राहुल ने उसे गाली देने से मना किया तो अख्तर, सैय्यद, अख्तर की पत्नी, मां व बहन पहुंच गए और उन्होंने राहुल से मारपीट की।
मारपीट में राहुल के सिर, पीठ, हाथ-पैर व चेहरे पर गंभीर चोट आई। उसे सिम्स में भर्ती कराया गया। बाद में हालत गंभीर होने की वजह से उसे मेकाहारा, रायपुर रिफर कर दिया गया। राहुल की मां आशा सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 323, 294, 506 के तहत जुर्म कायम किया था। रविवार को रायपुर में राहुल की मौत हो गई। इससे नाराज लोग आटो चालक के घर में घुस गए।
दो दिन बाद घर में शादी
यूसुफ के भाई हुसैन की दो दिन बाद शादी होने वाली है। साथ ही इसी माह 15 तारीख को उसकी बहन नूरजहां की भी शादी तय हुई है। घर में दोनों शादियों की तैयारी चल रही थी। पर इस घटना से सभी सदमे में हैं। घर में घुसी भीड़ ने शादी के लिए लाए गए सामान भी तोड़फोड़ दिए।