HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

दो ट्रेनों की बोगियों पर बरसीं चिंगारियां

बिलासपुर. रविवार को दोपहर अकलतरा के समीप एक गाय अहमदाबाद एक्सप्रेस से टकराकर ओएचई लाइन वाले खंभे से जा टकराई, जिससे ओएचई लाइन का इंसुलेटर, स्टे आर्म्स (ओएचई लाइन को स्थिर रखने वाली एंगल पट्टी) टूट गया, जो ट्रेन की बोगियों से टकराकर स्पार्किग करता रहा। इससे स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी, लेकिन ट्रेन के गुजरने के बाद रेलवे का अमला सक्रिय हो गया और आवश्यक सुधार कार्य कर लाइन को दुरुस्त कर लिया गया।

रेलवे सूत्रों के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 3:15 बजे नैला और अकलतरा के बीच किलो मीटर खंबा नंबर 684/ 21 के पास हुई। अपने निर्धारित समय से विलंब से आ रही हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस दोपहर नैला स्टेशन से गुजरकर रफ्तार से अकलतरा की तरफ बढ़ रही थी।

ठीक इसी समय एक गाय उसी लाइन पर आ गई, जो अहमदाबाद एक्सप्रेस की टक्कर से लाइन किनारे एक खंभे से जा टकराई। इस घटना में गाय की मौत हो गई, वहीं खंभे में जोरदार झटका पड़ने से ओएचई लाइन का इंसुलेटर, स्टे आर्म्स टूटकर लटक गया।

अहमदाबाद एक्सप्रेस उसी रफ्तार से आगे बढ़ती रही और स्टे आर्म्स उसकी बोगियों से टकराकर स्पार्किग करती रही। इससे ट्रेन में बैठे यात्री सहम से गए। हालांकि इससे कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ और ट्रेन वहां से आगे निकल गई, लेकिन इससे पीछे आ रही उत्कल एक्सप्रेस को नुकसान हो सकता था।

इसके ठीक पीछे पुरी-हरिद्वार उत्कल एक्सप्रेस आ रही थी। इसी आशंका से गांव के एक युवक ने उत्कल एक्सप्रेस चालक को लाल झंडी दिखाई, जिससे चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। इसके बाद भी ट्रेन के रुकते तक इसकी बोगियां टूटे हुए स्टे आर्म्स की चपेट में आ गई थीं।

इसके बोगियों से टकराने के कारण फिर से तेज चिनगारियां निकलीं और अबकी बार उत्कल एक्सप्रेस के यात्रियों की धड़कनें तेज हो गईं, लेकिन इस बार भी संयोग रहा कि कोई हादसा नहीं हुआ और जैसे-तैसे उत्कल एक्सप्रेस को आगे बढ़ाया गया।

बाद में इस घटना की खबर कंट्रोल को मिली, जिसके बाद शाम करीब 4 बजे रेलवे का अमला वहां सुधार कार्य के लिए पहुंचा। दो घंटे की मशक्कत के बाद ओएचई लाइन को दुरुस्त किया जा सका।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: