अजमेर. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड बारहवीं कॉमर्स का परिणाम अब 14 मई को घोषित करेगा। पर्यावरण शिक्षा के अंक समय पर नहीं मिलने और अंक तालिकाएं 13 मई को उपलब्ध होने के कारण परिणाम में दो दिन की देरी हो रही है।
बोर्ड ने परिणाम तैयार कर लिया है। बोर्ड के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक प्रदेश के विभिन्न स्कूलों से पर्यावरण शिक्षा के अंक और ग्रेडिंग समय पर नहीं मिल सकी। रविवार को बोर्ड ने सभी स्कूलों से पर्यावरण शिक्षा की ग्रेडिंग प्राप्त कर परिणाम तैयार करने वाली फर्म को भेज दिए हैं। परिणाम सोमवार की सुबह तक तैयार कर लिया जाएगा, लेकिन अंक तालिकाएं मिलने में देरी होने के कारण परिणाम 14 मई को घोषित करने का निर्णय किया गया है।
बोर्ड सूत्रों के मुताबिक बोर्ड इस बार अंक तालिकाएं प्राप्त होने के बाद ही परिणाम घोषित करने के पक्ष में है। अंक तालिकाएं 13 मई को मिलेंगी और उसी दिन लखनऊ से 13 मई को देर रात या 14 मई की सुबह तक अजमेर पहुंच जाएंगी। वैसे परिणाम घोषित करने की आधिकारिक घोषणा बोर्ड ने अभी नहीं की है।