बीकानेर. वाणिज्यिक कर विभाग की एंटीविजन विंग ने रविवार को दो वाहनों में लदे गुटखे के 40 बैग जप्त किए हैं। इसके साथ ही बिक्री कर चोरी की आशंका में लाखों रुपए का माल पकड़ा है। एंटीविजन के एसीटीओ कुंदनमल बोहरा, निरीक्षक संजय गुप्ता व राजपाल बेनीवाल ने रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में नटखट गुटखों से भरे 20 बैग लोड बोडी टैक्सी व 20 बैग पिकअप जीप से जप्त किए हैं।
इन बैग में छह लाख रुपए का गुटखा लदा हुआ है। माल के संबंध में चालक व प्रभारी द्वारा किसी भी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर बिक्री कर की चोरी मानते हुए माल जप्त कर लिया गया है।
विभाग के दल को पूछताछ से पता चला है कि गुटखा दिल्ली से बालाजी ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से रंगवाला एंड कंपनी ने मंगवाया था। कर चोरी साबित होने पर मालिक से 75 हजार टैक्स और 30 प्रतिशत पेनल्टी वसूल की जाएगी।
विभाग ने इससे पहले नटखट गुटखों से भरे 65 बैग जप्त किए थे, जिन्हें लेने अब तक कोई व्यापारी बिक्री कर विभाग नहीं पहुंचा है। विभाग अब सवा नौ लाख रुपए के गुटखे नीलाम करने की तैयारी कर रहा है।
वाणिज्यिक कर उपायुक्त (प्रशासन) पी.सी.वर्मा ने बताया कि जोन के रतनगढ़ क्षेत्र में एसीटीओ देवराज के दल ने जड़िया ट्रांसपोर्ट कंपनी के मार्फत दिल्ली से आया परचून के सामान से लदा ट्रक पकड़ा है। माल के भौतिक सत्यापन के बाद एक लाख 50 हजार रुपए का माल कर योग्य पाया गया। इस पर 52 हजार 400 रुपए टैक्स वसूला गया है।
इसी प्रकार सरदारशहर जा रहा चने की बोरियों से लदा एक ट्रक भी जप्त किया गया है। परसनेऊ के पास लासरसर मार्ग पर एसीटीओ कुंदनमल बोहरा ने ट्रक को रोककर जांच की तो माल के दस्तावेज नहीं मिले। ट्रक में लदा दो सौ बोरी चना सांडवा से सरदारशहर ले जाया जा रहा था। इस पर 22 हजार रुपए की वसूली की गई है।