HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

फिर चली सैकंड स्टेज के पानी पर कैंची

बीकानेर. इंदिरा गांधी नहर परियोजना के सैकंड स्टेज के पानी के हिस्से पर फिर कैंची चलने लगी है। सिंचित क्षेत्र विकास विभाग के अतिरिक्त आयुक्त ने हाल ही में एक आदेश जारी कर सैकंड स्टेज के हिस्से में पानी की कटौती नहीं करने के लिए कहा लेकिन प्रथम स्टेज के अभियंताओं ने इस आदेश को ताक पर रख दिया है।

आरडी 620 से इंदिरा गांधी नहर का द्वितीय चरण शुरू होता है जहां से बीकानेर की विभिन्न नहरों व माइनरों को पानी मिलता है। इन दिनों इस चरण को पूरा पानी नहीं मिल रहा जबकि पांच मई 2008 को सीएडी के अतिरिक्त आयुक्त ने इंदिरा गांधी नहर परियोजना के प्रथम स्टेज के मुख्य अभियंता को पत्र लिखा कि सैकंड स्टेज के लिए अनिवार्य आवश्यकता के मुताबिक प्रतिदिन 17्र00 क्यूसेक पानी दिया जाए लेकिन इस पत्र के बाद भी सैकंड स्टेज को पूरा पानी नहीं दिया जा रहा है।

पत्र में यहां तक लिखा है कि बुर्जी संख्या 620 पर 1700 क्यूसेक पानी देने के बाद शेष बचे पानी से ही प्रथम स्टेज की नहरों को पानी दिया जाए लेकिन पानी का रेग्यूलेशन का संचालन प्रथम स्टेज के अभियंताओं के हाथ में होने के कारण सैकंड स्टेज में पानी के हिस्से पर लगातार कैंची चलाई जा रही है। सीएडी ने इस पत्र की प्रति जल संसाधन विभाग के प्रमुख शासन सचिव से लेकर अन्य अधिकारियों को भी भेजी है।

सभी को पता है कि सैकंड स्टेज केा 1700 क्यूसेक पानी मिलना चाहिए लेकिन किसी भी अधिकारी ने यह पूछने की जरूरत नहीं समझी कि सैकंड स्टेज को पूरा पानी क्यों नहीं दिया जा रहा है। पत्र में कंवरसेन लिफ्ट में अनिवार्य आवश्यकता का पानी 250 क्यूसेक देने को कहा गया है लेकिन नहरबंदी के बाद अब तक एक भी दिन 250 क्यूसेक पानी नहीं दिया गया।

शुरूआती दिनों में सिर्फ दो दिन 200 क्यूसेक पानी दिया गया और अब कई दिनों से सिर्फ 100 क्यूसेक ही पानी दिया जा रहा है। पत्र के अनुसार एक से 20 मई तक आईजीएनपी फीडर को 2750 क्यूसेक पानी मिलेगा। इससे ही पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त करनी है।

इस पत्र के बाद भी सैकंड स्टेज में रविवार को 1250 क्यूसेक पानी दिया गया जबकि कंवरसेन लिफ्ट में भी 100 क्यूसेक ही पानी चलाया जा रहा है। बिरधवाल हैड पर 1584 क्यूसेक, मसीदावाली हैड पर 3748 क्यूसेक व हरिके बैराज पर 3215 क्यूसेक पानी दिया जा रहा है।

>> ये मेरा ही प्रस्ताव था जिसे सीएडी ने मंजूर किया है। मैंने ही द्वितीय चरण को 1700 क्यूसेक पानी देने का भरोसा दिलाया था और कंवरसेन लिफ्ट में भी 250 क्यूसेक पानी देने को कहा था लेकिन कुछ कारणों से पूरा पानी नहीं चल सका। जैसे ही हरिके बैराज पर पानी बढ़ेगा सैकंड स्टेज में 1700 क्यूसेक पानी कर दिया जाएगा।
डी.एस.नोत्रा, मुख्य अभियंता, प्रथम स्टेज





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: