bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

रंग नहीं छोड़ पाई डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन योजना

जोधपुर. जयपुर की ठेका फर्म कनक रिसोर्सेज मैनेजमेंट लिमिटेड भले ही शहर के 45 वार्डो में डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन का काम शुरू करने का दावा कर रही है, मगर स्थिति एकदम उलट है। सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन के लिए 12 करोड़ 47 लाख रुपए के इस प्रोजेक्ट को राज्य सरकार की मंजूरी के बाद सूर्यनगरी को क्लीन सिटी बनाने का सपना साकार होने की उम्मीद बंधी थी, लेकिन ठेका फर्म की कछुआ चाल के कारण दो माह बीत जाने के बावजूद योजना पटरी पर नहीं आ पाई है।

भास्कर ने गुरुवार को पूरे मामले की पड़ताल की तो कई अनियमितताएं उजागर हुइर्ं। कई वार्डो के नागरिकों को तो इस बात का पता भी नहीं था कि डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन हो रहा है। कुछ वार्डो में ट्राई साइकिल लेकर कर्मचारी घूमते नजर आए।

इतना ही नहीं ठेका फर्म अनुबंध करते समय तय की गई शर्तो का भी खुल्लम-खुला उल्लघंन कर रही है, लेकिन निगम के किसी भी अधिकारी को इनके काम को जांचने की फुर्सत नहीं है। मुख्य सफाई निरीक्षक अपने अधीन वार्डो में कितने घरों से वेस्ट कलेक्शन नहीं हुआ, इसकी सूची भेजकर अपनी जिम्मेदारी की इतिश्री कर लेते हैं।

अधिकांश लोग अनजान
इस व्यवस्था को लागू हुए दो माह बीत गए है, लेकिन अधिकांश वार्डो में डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन का काम प्रभावी ढंग से शुरू नहीं हो सका है। शहर के वार्ड संख्या 13, 14 व 28 के अधिकांश मकानों तक ठेका फर्म के कर्मचारी अपनी उपस्थिति नहीं दे पाए है।

इसी प्रकार शास्त्रीनगर जैसे पॉश इलाकों के लोग भी घर में एकत्रित किए गए वेस्ट को खुद ही कचरा स्थलों पर डालने को मजबूर हैं। सरदारपुरा जोन सैकंड के 14 में से 9 वार्डो में डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन का काम किया जा रहा है, लेकिन खुद सफाई प्रभारियों का कहना है कि यह योजना असर नहीं छोड़ पा रही है। सूरसागर के जिन 10 वार्डो में यह योजना चल रही है, उसमें भी हालात कुछ ऐसे ही नजर आए।

..और बन गया डंपिंग स्टेशन
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर 21 व 12 के बीच बड़ा भू-भाग डंपिंग स्टेशन के रूप में नजर आ रहा है। यह जमीन राजस्थान हाउसिंग बोर्ड के अधीन है। पहले यह जमीन आसपास के बच्चों के खेलकूद के काम आती थी, लेकिन इन दिनों इस जमीन पर कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं।

वेस्ट कलेक्शन करने वाली ठेका फर्म के वाहन भी शहर के अन्य वार्डो से एकत्रित वेस्ट को यहां लाकर डालते हैं। उमस के सचिव लियाकत अली ने बताया कि इससे प्रदूषण फैल रहा है। पूरे इलाके में मच्छरों की भरमार हो गई है। ठेका फर्म ने इस बारे में कहा कि 5-7 दिन पूर्व ही लोगों के रोष जताने पर यहां वेस्ट डालना बंद कर दिया है।

कर्मचारी निगम के, काम ठेके का
डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन में आ रही परेशानियों को देखते हुए ठेका फर्म ने कुछ इलाकों में निगम के कर्मचारियों को अपना हथियार बनाया है। काम के बदले ठेका फर्म इन कर्मचारियों को शुल्क भी चुका रही है। ऐसे कर्मचारी अपनी निर्धारित बीट में हाजिरी देकर ठेका फर्म के लिए काम करते है। इन सफाई कर्मचारियों को प्रभारियों की शह है। इनको मिलने वाली राशि का आधा हिस्सा प्रभारी के खाते में जाता है।

संसाधनों के अनुरूप काम नहीं
कनक रिसोर्सेज मैनेजमेंट लिमिटेड के पास 45 वार्डो में डोर-टू-डोर कलेक्शन के लिए पर्याप्त संसाधन हैं। ठेका फर्म के पास 80 ट्राइ साइकिलें, 30 लोडिंग टैक्सियां, 10 बड़े व 8 छोटे वाहन, 6 रिफ्यूज कलेक्टर, 9 डंपर व 4 जेसीबी हैं। वेस्ट कलेक्शन के लिए साढ़े तीन सौ श्रमिक कार्यरत हैं। फर्म शीघ्र ही चार काम्पैक्टर वाहन भी खरीदेगा। देखा जाए तो ठेका फर्म संसाधनों का बेहतर ढंग से इस्तेमाल नहीं कर पा रही है। शहर के कुछ ऊंचे इलाकों के कारण डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन का काम प्रभावित हो रहा है।

>> शहर विधानसभा क्षेत्र के चढ़ाई वाले इलाकों में डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन का काम अभी शुरू नहीं हो पाया है। ठेका फर्म के स्थानीय मैनेजर को इन वार्डो का फिजिकल मौका देखा चुका हूं। फिलहाल 8 प्वाइंट चिह्न्ति किए गए हैं। सफाईकर्मी कचरा एकत्रित कर यहां लाते हैं। यहां से ठेका फर्म के वाहन कचरा उठाकर केरू लेकर जाते हैं।
सत्यनारायण गहलोत, मुख्य सफाई निरीक्षक, शहर जोन

>> डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन का काम नहीं हो पा रहा है। प्वाइंट से कचरा नियमित उठ रहा है। शिकायतों के आधार पर हर रोज इस योजना से वंचित मकानों की सूची भेजी जा रही है। शास्त्रीनगर के पॉश इलाकों के कई घर इस योजना से अछूते हैं। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप ठेका फर्म को पूरा सहयोग कर रहे हैं।
राजेश्वरसिंह सोलंकी, मुख्य सफाई निरीक्षक, सरदारपुरा जोन सैकंड

>> कई वार्डो में सुधार आया है, लेकिन और सुधार की जरूरत है। ठेका फर्म अपनी तरफ से पूरी मेहनत कर रही है। डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन करने पर जोर देने के साथ निर्धारित प्वाइंट से कचरा नियमित उठे इस पर ज्यादा ध्यान दिया जाना चाहिए। निगमकर्मियों के काम करने का मुद्दा कुछ सफाई कर्मचारी संगठन उठा रहे हैं, लेकिन हमारे जोन का एक भी सफाईकर्मी ठेका फर्म के साथ नहीं है।
किरण हंस, मुख्य सफाई निरीक्षक, सूरसागर जोन

>> कनक रिसोर्सेज मैनेजमेंट लिमिटेड के स्थानीय मैनेजर सन्नी गुप्ता ने बताया कि काफी मुश्किलें आने के बावजूद हर दिन सुधार किया जा रहा है। शहर में सबसे बड़ी मुसीबत भवन निर्माण का मलबा है। हमारे प्वाइंट पर रात्रि में मलबा लाकर डाल दिया जाता है जिससे डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन का काम प्रभावित हो रहा है। काफी सुधार किया है, लेकिन कई जगहों पर डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन में परेशानी आ रही है, उसे भी दूर कर लिया जाएगा।
सन्नी गुप्ता, स्थानीय मैनेजर, कनक रिसोर्सेज मैनेजमेंट लिमिटेड





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड:
 

आपके विचार
chetan gehlot
Monday, 12th May 2008, 15:00
Bhaskar is good news papar I love Bhaskar