कोटा. तलवंडी इलाके में रविवार सुबह घर के नजदीक से तीन नकाबपोश युवकों ने एक बालक के अपहरण का प्रयास किया। बालक हाथ नहीं आया। अपहरण की बात पुलिस के गले नहीं उतरी। साइकिल छीनने की वारदात मानी। तलवंडी सेक्टर-बी में रहने वाला 12 वर्षीय अनुराग शर्मा उर्फ गोलू पुत्र योगेन्द्र कुमार शर्मा रविवार सुबह 8 बजे घर से कुछ दूरी पर ध्यानचंद स्टेडियम के निकट साइकिल चला रहा था।
अचानक एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पीछे से आए और उसकी साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे अनुराग गिर गया। तभी उनका ही साथी नकाबपोश युवक जो पैदल ही जा रहा था। उसने फटाफट साइकिल उठाई और लेकर भाग निकला। अनुराग के हाथ व घुटने में रगड़ लगी। जैसे ही खड़ा हुआ बाइक पर सवार पीछे बैठे युवक ने उसका हाथ पकड़ा और उसे जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया।
अनुराग उनका हाथ छुड़ाकर घर की बजाय एलेन कोचिंग संस्थान की तरफ यह सोचकर भागा कि वहां बाहर ही गार्ड खड़े रहते हैं, उनसे मदद मिल जाएगी। उसने वहां पहुंचकर पीछे देखा तो पीछा करने वाले युवक भाग निकले।
अनुराग के अनुसार उन दोनों ने मुंह पर स्कार्फ बांध रखा था और जिस युवक ने उसे पकड़ा था उसके हाथ में एक और स्कार्फ था। अनुराग ने घर पहुंचकर अपनी मम्मी को घटना बताई।। बाद में उन्होंने दादाबाड़ी थाने पहुंचकर अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
ऐसा था हुलिया
अनुराग के अनुसार तीनों युवक 20 से 25 वर्ष की उम्र के थे। तीनों ने मुंह पर स्कार्फ बांध रखा था। बाइक चलाने वाला युवक मोटा था जबकि, पीछे बैठा व साइकिल ले जाने वाला युवक पतले-दुबले थे।
मां ने सुबह ही टोका था
अनुराग जब साइकिल लेकर स्टेडियम की तरफ जा रहा था तभी उसकी मम्मी ने टोका था कि अपनी गली में ही साइकिल चलाओं बाहर मत जाओं। अनुराग ने मां की नसीहत को अनसुना किया और रोज ही जाने की बात कहकर चला गया।
कई दिनों से थी नजर
जिस प्रकार से युवकों ने वारदात को अंजाम देना चाहा उससे लगता है कि वे कई दिनों से रैकी कर रहे थे। अनुराग के पिता पत्थर व्यवसायी है और अक्सर बाहर रहते हैं। अनुराग रोज घर के बाहर साइकिल चलाता है। घटना का दिन भी उन्होंने रविवार सुबह चुना, उस वक्त न तो बाजार खुलता है और न ही आमतौर पर लोग बाहर निकलते है।
>> वारदात केवल साइकिल छीन कर ले जाने की हुई है। बालक अपहरण की मनघड़ंत कहानी सुना रहा है। घटनास्थल की जांच में अपहरण करने जैसी कोई बात सामने नहीं आई। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
गोपीचंद मीणा, सीआई