कोटा.
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व राजस्थान के प्रभारी गोपीनाथ मुंडे रविवार को भले ही तीन घंटे विलंब से यहां पहुंचे लेकिन, उन्होंने आते ही कोटा की नब्ज पर हाथ धर दिया। उन्होंने केंद्र की यूपीए सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह यहां आईआईटी खोलने से पीछे हट रही है।
यदि 6 माह बाद केंद्र में भाजपा की सरकार बनती है तो, तत्काल कोटा को आईआईटी दे दी जाएगी। वे संसदीय सचिव भवानीसिंह राजावत की ओर से रविवार को दशहरा मैदान पर आयोजित लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा अनुसूचित जाति के महाकुंभ को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोटा के अलावा आईआईटी के लिए कोई विकल्प नहीं है।
जो हर साल देशभर से आने वाले 50-60 हजार विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान दे रहा है, आईआईटी भी उसी के पास ही होनी चाहिए। प्रदेश प्रभारी ने अजा के लिए निजी क्षेत्र में भी सरकारी सेवाओं के बराबर आरक्षण की वकालत की।
मुंडे ने कहा कि इस समय सरकारी सेवाओं से ज्यादा रोजगार निजी क्षेत्र में है। यूपीए सरकार से भाजपा मांग करेगी कि निजी सेक्टर में भी आरक्षण लागू किया जाए। उन्होंने वादा किया कि केंद्र में भाजपा सरकार के आते ही सरकारी सेवाओं में अजा के खाली पदों को भर दिया जाएगा। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुंडे ने कहा कि विधानसभा चुनाव वसुंधरा राजे के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। हाईकमान निर्णय कर चुका है।
कार्यक्रम में अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों को कच्चे मकाने दिए हैं लेकिन, भाजपा उन्हें पक्के मकान मुहैया कराएगी। संसदीय सचिव भवानी सिंह राजावत ने कहा, कांग्रेस ने दलितों को आजादी के बाद से बंधुआ वोट बैंक समझा है।
ईसाई-मुस्लिमों को आरक्षण का विरोध-जटिया : भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यनारायण जटिया ने पत्रकारों से कहा कि केन्द्र सरकार ईसाइयों व मुसलमानों को अनुसूचित जाति के आरक्षण कोटे में से लाभ देना चाहती है। भाजपा इसका विरोध करेगी।
वर्तमान में नौकरियों में अजा को सिर्फ 15 प्रतिशत आरक्षण मिल रहा है। इसमें इन दोनों वर्ग के और जुड़ने से अजा को नुकसान होगा। वैसे ही अजा के मुकाबले ईसाई व अन्य जातियां अधिक पढ़ी-लिखी हैं। उन्होंने कहा कि अजा को अब भी सामाजिक और आर्थिक तौर पर बराबरी का दर्जा नहीं मिला है। रोजगार गारंटी योजना भी दलित जाति के गरीब लोगों को राहत प्रदान नहीं कर पा रही है।