News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati नवलगढ़. इंडिका कार नंबर आरजे 14 सी ए 4400। जरा गौर से नजर दौड़ा लीजिए इन नंबरों पर। क्योंकि इस नंबर की कार व एक जिप्सी ने पुलिस की नींद उड़ा रखी है। शनिवार देर रात परसरामपुरा इलाके में इस कार में सवार आठ-दस युवकों ने जमकर उत्पात मचाया और दो स्थानों पर हवाई फायर किए।
ग्रामीणों ने विरोध किया तो लाठियों और बंदूकों के दम पर उन्हें डराया और लोगों को खूब गालियां निकाली। ये लोग अपनी भड़ास निकालकर फरार हो गए। आखिर यह कार किसकी है, ग्रामीणों को गालियां देकर अपनी क्या दुश्मनी निकाल रहे हैं और ग्रामीणों को डराने के पीछे उनका क्या मकसद है? ये वो चंद सवाल हैं जिनके उत्तर पुलिस खोजने में लगी।
रसूखदारों का दबाव
ग्रामीणों की मानें तो यह कार नवलगढ़ के एक प्रतिष्ठित आदमी की है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस इस मामले को दबाना चाहती है लेकिन यह होने नहीं दिया जाएगा।
वाहन किसके?
ग्रामीणों की रिपोर्ट पर पुलिस ने उत्पात मचाने वाली कार के नंबर तो पता लगाए लेकिन जिप्सी के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। अब आरटीओ की मदद ली जाएगी।
जवाब मांगते सवाल
कार व जिप्सी किसकी है
गांव में उत्पात मचाने के पीछे क्या मकसद है
ग्रामीणों से कोई पुरानी रंजिश तो नहीं
ये युवक कौन थे
इनके पास बंदूक कहां से आई।
क्या है मामला
ग्रामीणों की रिपोर्ट के मुताबिक, कार व जिप्सी में सवार आठ-दस युवकों ने बीलवा गांव में गाली-गलौच कर हवाई-फायर किए। इसके बाद ग्रामीणों के होश उड़ गए। ग्रामीणों के विरोध पर इन लोगों ने लाठियां निकाल ली और गाड़ोदिया की ढाणी की ओर रवाना हो गए।
ग्रामीणों ने पत्थर फैंके तो जिप्सी का आगे का शीशा भी टूट गया। देर रात पुलिस को सूचना मिलने पर नवलगढ़ व सीकर में नाकाबंदी भी कराई गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मामले की जांच कर आरोपियों को पकड़ने की मांग को लेकर भाजपा नेता नारदूराम माठ व जीएसएस के अध्यक्ष राजू खेदड़ के नेतृत्व में पुलिस को ज्ञापन भी सौंपा गया है।
>> पुलिस को कार के नंबर मिल चुके हैं। कार मालिक की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस गंभीरता से जांच करेगी।
बृजमोहन असवाल, सीआई, नवलगढ़