HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

मंच पर भिड़े कांग्रेसी

श्रीमाधोपुर. fight सीकर जिले के अजीतगढ में रविवार को हुए ब्लाक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मंत्री दीपेंद्रसिंह शेखावत व जिला परिषद सदस्य देवीसिंह नरूका के बीच जमकर तू-तू, मैं-मैं हुई। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. चंद्रभान की उपस्थिति में ही दोनों कांग्रेसी नेता भाषण देने की बात को लेकर आक्रोशित हो गए। मंच का संचालन कर रहे दीपेंद्रसिंह शेखावत ने काफी समय से बैठे देवीसिंह नरूका को भाषण के लिए नहीं बुलाया।

इस पर नरूका समर्थकों ने आक्रोश जताया। इसी बीच शेखावत समर्थकों ने नरूका समर्थक दो-तीन सदस्यों को पांडाल से बाहर खदेड़ दिया। देवीसिंह नरूका के भाई एवं ब्लाक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष योगेन्द्रसिंह नरूका के साथ हाथापाई कर ली तथा उन्हें भी मंच से जबरन नीचे उतार दिया गया। गहमागहमी बढ़ने के साथ ही दोनों के समर्थक गुटों में बंट गए और एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

इसी बीच दीपेन्द्रसिंह शेखावत ने कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व मंत्री डा. जितेन्द्रसिंह को भाषण देने के लिए बुलाया तो नरूका स्वयं ही उठ गए और शेखावत के हाथ से माइक छीनने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान दोनों नेताओं के समर्थक भी मंच पर आ गए और शोर शराबा करने लगे।

विरोध व स्थिति बिगड़ती देखकर डा. चंद्रभान, जितेन्द्रसिंह व अन्य आला नेता मंच से उठकर चले गए। इस मामले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता मोहनप्रकाश शर्मा से यह गंभीर मामला है। यह अनुशासनहीनता में आता है। कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।

आयोजन के दौरान ऐसा तो अक्सर हो जाता है: शर्मा
अजीतगढ़ में मंच पर बड़े नेताओं की उपस्थिति में हुए हंगामे के संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता मोहनप्रकाश शर्मा का कहना है कि यह कोई गंभीर मामला नहीं है। अक्सर ऐसा हो जाता है।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक जीवंत संगठन है और छोटी-छोटी बातें हो जाती हैं। कार्यकर्ताओं को समझा देंगे। बसपा के संबंध मे पूछे गए एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि बसपा गुजरात में भी असफल रही है व राजस्थान में भी असफल रहेगी। कांग्रेस राज्य में दो सौ सीटें जीतेंगी।

भाजपा सरकार विफल : शर्मा
अजीतगढ में रविवार को लक्ष्मीनिवास बाग में ब्लाक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन पूर्व मंत्री दीपेन्द्रसिंह शेखावत के नेतृत्व में किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता मोहनप्रकाश शर्मा ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है तथा किसानों, गरीबों, युवाओं, पिछडों व अल्पसंख्यकों का शोषण करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है।

उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखा है तथा विकास किया है। केन्द्र सरकार ने किसानों के साठ हजार करोड के ऋण माफ किए हैं, लेकिन सर्वशिक्षा अभियान, राष्ट्रीय बागवानी मिशन, प्रसूती योजनाओं आदि के लिए जो पैसे भेजे गए उनका राज्य की भाजपा सरकार दुरूपयोग कर रही है। नरेगा योजना पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना में कानूनी काम का अधिकार दिया गया है जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवनस्तर में बढोतरी होगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डाक्टर चन्द्रभान ने कहा कि वसुंधरा सरकार ने किसानों को बिजली पानी के नाम पर गोलियां दी है। भूमाफिया पूरी तरह से राज्य सक्रिय हो रहे हैं। आमजन का जीना दूभर हो गया हैं। वसुंधरा सरकार को ललित मोदी जैसे लोग चला रहा है। पूर्व मंत्री दीपेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार पूरी तरह से विफल हो चुकी है।

भाजपा सरकार ने किसानों, गरीबों आदि का जमकर शोषण किया हैं। प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं विधायक ममता शर्मा ने कहा कि यूपीए सरकार ने महिलाओं की बराबर की भागीदारी तय की है, जिसमें महिला आरक्षण प्रमुख है।

कार्यक्रम को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सारण, पूर्व जिला प्रमुख सांवरमल मोर, नीमकाथाना पंचायत समिति के पूर्व प्रधान कांताप्रसाद शर्मा, जितेन्द्र पंजाबी, जिला युवक कांग्रेस कमेटी सीकर के अध्यक्ष संजय शर्मा, रामोतार सामोता, मेजर ओपी यादव, फूलसिंह सामोता, राजीव गांधी विचार मंच के शंकरलाल यादव आदि ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रक्षपालदास स्वामी, जिला युवक कांग्रेस कमेटी के महामत्री महेन्द्र उपाध्याय, स्वतंत्रता सेनानी बालूराम सैनी, सुभाष बहड़, नगर महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती आशा शर्मा, ब्लॉक महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष मंजू टेलर, नगर युवक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश तिवाड़ी, राजीव गांधी यूथ फैडरेशन के ब्लाक अध्यक्ष घनश्याम पारीक, राजेन्द्र दंबीवाल, योगेन्द्रसिंह नरूका, जगदीश खोड़ल्या सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: