News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. पंजाब इलेक्शन कमीशन ने रविवार को पहला बड़ा फैसला लेते हुए मोहाली जिले के डिप्टी कमिश्नर एचआईएस ग्रेवाल को बदलने के निर्देश दे दिए। इस पर फैसला लेते हुए पंजाब सरकार ने ग्रेवाल को तुरंत प्रभाव से हटाकर संयुक्त विकास आयुक्त राहुल भंडारी को डीसी लगा दिया है। खरड़ के विधायक बलबीर सिंह सिद्धू के साथ विवाद में फंसने के चलते ग्रेवाल को स्थानांरित करने का फैसला लिया गया है।
इलेक्शन कमीशन के निर्देश इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण हैं कि चुनाव से ठीक एक दिन पहले ही जिला चुनाव अधिकारी को बदला गया है। मुख्य सचिव रमेश इंद्र सिंह ने भी इसकी पुष्टि कर दी है। 14 माह के कार्यकाल में विवादित रहे डीसी को हटाने का हर तरफ से प्रेशर था।
विधायक और डीसी में पंगा पुराना
मनोज जोशी. मोहाली.
13 मार्च 2007 को डीसी मोहाली का पद संभालने वाले एच.आई.एस. ग्रेवाल शुरू से ही विवादों में घिरे रहे। 14 माह के कार्यकाल में उनका क्षेत्र के विधायक बलबीर सिंह सिद्धू से 3 बार विवाद हुआ।
इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल के युवा नेता हरसुखइंद्र सिंह बब्बी बादल के साथ उठे विवाद और हाल ही में पीसीए के 60 करोड़ रुपए की रिकवरी के मामले को लेकर पंजाब स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल द्वारा दायर याचिका पर कार्रवाई करते हुए डीसी ने जो पीसीए का रिकॉर्ड तलब किया, उसके चलते डीसी मोहाली को हटाए जाने का प्रेशर हर तरफ से सरकार पर बन रहा था।
शनिवार को विधायक बलबीर सिद्धू द्वारा डीसी पर उनके घर आकर गालियां निकालने के लगाए आरोपों ने उन्हें हटाने के लिए बने प्रेशर को और प्रचंड कर दिया।
एमसी प्रेजिडेंट की कोठी को लेकर आमने-सामने हुए डीसी और विधायक : विधायक बलबीर सिंह सिद्धू और डीसी एच. आई. एस. ग्रेवाल में विवाद सबसे पहले एमसी प्रेजिडेंट की कोठी को लेकर हुआ। इस कोठी में नगर परिषद मोहाली के कार्यकारी अधिकारी रहते थे।
उनकी ट्रांसफर के बाद जब कोठी खाली हुई तो इसमें रहने के लिए एमसी प्रेजिडेंट राजिंदर सिंह राणा और डीसी एच.आई.एस. ग्रेवाल दोनों सामान लेकर पहुंच गए। इस मामले में सिद्धू ने डीसी का विरोध किया। करीब 2 दिन की मशक्कत के बाद आखिर डीसी की जीत हुई। फिलहाल डीसी की रिहाइश इसी कोठी में है।
री-काउंटिंग को लेकर विधायक ने किया डीसी का घेराव : डीसी और विधायक एक बार फिर री-काउंटिंग के एक मामले में आमने-सामने हुए। एमसी चुनाव में अपने विजेता कैंडिडेट को हराने का आरोप लगाते हुए विधायक ने डीसी पर पक्षपात का आरोप लगाया और उनकी गाड़ी का घेराव किया।
घर आकर धमकाने का आरोप : 10 मई को सिद्धू ने डीसी पर उनके घर आकर गालियां निकालने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वे उनके व्यवहार से परेशान हैं और यदि उन पर कार्रवाई न की गई तो वे आत्महत्या कर लेंगे। इसकी शिकायत विधायक द्वारा इलेक्शन कमीशन पंजाब को गई थी।
बब्बी बादल पर गालियां निकालने का आरोप लगाया डीसी ने : डीसी एच.आई.एस. ग्रेवाल ने बादल परिवार के रिश्तेदार और यूथ अकाली नेता हरसुखइंद्र सिंह बब्बी बादल पर उन्हें टेलीफोन पर गालियां निकालने का आरोप लगाया था। इसे लेकर एक शिकायत एसएसपी मोहाली को भी की गई थी। यह मामला भी बादल परिवार के लिए परेशानी बना रहा।