चेन्नई. बढ़ती बिक्री से उत्साहित लक्जरी कार निर्माता कंपनी 'मर्सिडीज-बेंज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' ने कहा है कि इस वर्ष वह भारत में बिक्री का नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।
कंपनी ने वर्ष 2008 के शुरुआती चार महीनों में ही 2007 की कुल बिक्री का 50 फीसदी पूरा कर लिया है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक विल्फ्रेड अल्बर ने बताया कि जनवरी से अप्रैल 2008 के बीच हमने स्थानीय रूप से निर्मित और आयातित दोनों मिलाकर 1,330 कारें बेची हैं जबकि 2007 में हमने कुल मिलाकर 2,491 कारें बेची थीं। इस साल हम 3000 कारें बेचने का लक्ष्य तय कर रहे हैं।
कारों की बिक्री में हुई बढ़ोतरी का सीधा कारण इसके नए 'सी क्लास' माडल को माना जा रहा है।
अल्बर के अनुसार जनवरी से अप्रैल 2008 के दौरान कंपनी ने एस क्लास की 221, ई क्लास की 371, सी क्लास की 681 और सीबीयू श्रेणी की 57 कारें बेची हैं।
अल्बर ने मर्सिडीज की बढ़ती लोकप्रियता के कारण गिनाते हुए कहा कि देश में युवा उद्यमियों, साफ्टवेयर पेशेवरों आदि की संख्या में वृद्धि और हमारी स्तरीय वित्तीय योजनाओं के कारण भी लोग हमारी ओर आकर्षित हो रहे हैं।
गौरतलब है कि पहली बार ऐसा हुआ है कि कंपनी ने किसी वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में 1000 से अधिक कारें बेचने में सफलता अर्जित की है।