कोलकाता. एक्सप्रेशन ब्रांड की मोटरसाइकिल बनाने वाले एक्सेनिटीज समूह ने कहा है कि उसकी आटोमोबाइल शाखा ने वर्ष 2008-09 के दौरान पांच अरब रुपये का कुल कारोबार करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शांतनु घोष ने कहा कि ग्लोबल आटोमोबाइल लिमिटेड (जीएएल) का इस वित्तीय वर्ष में 5 अरब रुपये का कुल कारोबार करने का इरादा है। जीएएल एक्सेनिटीज समूह की मोटरसाइकिल बनाने वाली शाखा है।
कंपनी ने एक्सप्रेशन नाम से अपना पहला माडल अप्रैल 2007 में बाजार में उतारा था और तीन महीनों के भीतर ही उसने अपना दूसरा माडल एक्सप्रेशन प्लस बाजार में ला दिया था। कंपनी मुख्य रूप से युवाओं को लक्ष्य करके अपने उत्पाद बना रही है।
घोष ने बताया कि कंपनी बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका, चिली, नाइजीरिया, ईरान और अफगानिस्तान जसे देशों को मोटरसाइकिलों का निर्यात भी करती है।