नई दिल्ली.
टाटा कम्युनिकेशंस ने कहा है कि विश्व भर में इंटरनेट पर फोन काल्स की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उसने अमेरिका स्थित सोनस के साथ गठजोड़ किया है।
टाटा कम्युनिकेशंस के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी जान हेडुक ने कहा कि कंपनी ने तीन महाद्वीपों के नौ शहरों में आईपी-वायस सेवा उपलब्ध कराने के लिए सोनस का चयन किया है।
उन्होंने बताया कि टाटा कम्युनिकेशंस के ग्राहकों में 1500 से ज्यादा ग्लोबल कैरियर, 600 मोबाइल आपरेटर, 10000 एंटरप्राइसेज, पांच लाख से ज्यादा ब्राडबैंड एवं इंटरनेट उपभोक्ता और करीब 300 वाई-फाई पब्लिक हाटस्पाट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सोनस के साथ गठजोड़ से टाटा कम्युनिकेशंस के ग्राहक आईपी आधारित नेटवर्क का इस्तेमाल कर सकेंगे।
कंपनी शुरुआत में नेटवर्क न्यूजर्सी, मोंटरियल, क्यूबेक, टोरंटो, ओंटारियो, लास एंजिलिस, कैलिफोर्निया, लंदन, मैड्रिड, फ्रेंकफर्ट और सिंगापुर में यह सेवा उपलब्ध कराएगी।