News
International International बीजिंग.
दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत में सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के एक शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 8600 लोगों के मरने की आशंका है। इस भूकंप में सैंकड़ों लोग घायल हुए हैं और बड़े पैमाने पर संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने के कारण मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
भारतीय समयानुसार सुबह 11:58 बजे आए इस भूकंप का केंद्र सिचुआन प्रांत की वेनशुआन काउंटी था। चीन की स्थानीय सरकार ने बताया कि सिचुआन प्रांत की बीचुआन काउंटी में ही 8600 लोगों के मरने की आशंका है। इसी प्रांत के एक हाईस्कूल की इमारत के मलबे में विद्यार्थियों के दबे होने की भी खबर है।
हजारों लोग सड़कों पर : भूकंप के झटकों ने चीन के कई शहरों के अलावा दक्षिणपूर्व एशिया तक की इमारतों को हिलाकर रख दिया। चीन में बीजिंग व शंघाई समेत अन्य शहरों में घबराए हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। भूकंप के झटके थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक और वियतनाम में हनोई तक महसूस किए गए।
जीवन ठप : चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, भूकंप के बाद चेंगदू, चोंगक्विंग और झेंगझाऊ शहरों में जीवन पूरी तरह से ठप हो गया है।
मलबे में लोग दबे : सिचुआन प्रांत के मौसम विभाग के प्रवक्ता के हवाले से शिन्हुआ एजेंसी ने बताया है कि प्रांत के शहर दुजिआंग्यान में अनेक मकानों के ढहने से मलबे में दबकर कई लोगों के मरने की आशंका है। यह शहर भूकंप के केंद्र वेनशुआन काउंटी के काफी नजदीक है।
राहत कार्य शुरू : राहतकर्मियों को प्रभावित इलाकों की ओर भेजा गया है और राष्ट्रपति हू जिंताओ ने पीड़ितों की मदद के लिए सभी तरह के प्रयास करने के आदेश दिए हैं। प्रधानमंत्री वेन जिआबाओ ने इस भूकंप को आपदा करार दिया है।
ओलिंपिंक स्टेडियम को क्षति नहीं : बीजिंग में होने वाले ओलिंपिक खेलों के प्रमुख आयोजन स्थल नेशनल स्टेडियम (बर्ड्स नेस्ट) को इस भूकंप से किसी भी तरह की क्षति नहीं पहुंची है। परियोजना से जुड़े एक इंजीनियर ने बताया कि यह स्टेडियम रिक्टर पैमाने पर आठ की तीव्रता वाले भूकंप का झटका झेल सकता है।