HomeNewsNational National

..तो चौके छक्के बरसाएंगीं डॉ. रेणु

नई दिल्लीआंखों के चिकित्सक के रूप में दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बनाने वाली डा. रेणु जोगी अब क्रिकेट के मैदान में चौके-छक्के की बारिश कराते नजर आएंगी। बतौर विधायक राजनीति का ककहरा सीखने के बाद डा. जोगी अब क्रिकेट की राजनीति में भी शहमात को तैयार हैं। भारतीय क्रिकेट की चकाचौंध भरी दुनिया में डा. जोगी ने वीमेन क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (डब्लूसीआई) के बरास्ते पहला कदम रखा है।

गत 30 अप्रैल को लखनऊ में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पत्नी डा. रेणु जोगी को डब्लूसीआई का नया अध्यक्ष और सुनील गावस्कर की बहन नूतन गावस्कर नाटू को सचिव निर्वाचित किया गया। रविवार को नव-निर्वाचित सदस्यों की पहली बैठक की अध्यक्षता करते हुए डा. जोगी पूरे जोश में थीं। विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को उन्होंने साफ हिदायत देते हुए कहा कि देश में महिला क्रिकेट के रसूख को बहाल करने में सभी को जुट जाना चाहिए।

महिला क्रिकेट के नए कलेवर की शुरूआत छत्तीसगढ़ से की जाएगी। राज्य में दिसंबर के दूसरे सप्ताह में प्रतिष्ठित रानी झांसी कप टूर्नामेंट के आयोजन को भी रविवार को औपचारिक जामा पहना दिया गया। इससे पहले देशभर में अलग-अलग क्रिकेट-कैंप लगाए जाएंगे। महिला खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए नामचीन क्रिकेट खिलाड़ियों को अनुबंधित किया जाएगा। कैंप के माध्यम से होनहार खिलाड़ियों को चुनकर अंडर 15, अंडर 19 और सीनीयर-सीरीज का आयोजन किया जाएगा।

डा. जोगी ने दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी नजर वर्ष 2009 में होने वाली महिला क्रिकेट विश्व कप जीतकर भारत लाने की है। उन्होंने बताया कि रेलवे और एयर इंडिया की महिला क्रिकेट टीम में जान फूंकने के लिए वे शीघ्र ही अन्य पदाधिकारियों के साथ रेलमंत्री लालू प्रसाद और नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल से मुलाकात करेंगी। डा. जोगी ने बताया कि बीसीसीआई अध्यक्ष शदर पवार के साथ भी मुलाकात कर महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के हित में डब्लूसीआई को मजबूत बनाने की अपील की जाएगी।

डब्लूसीआई के बैनरतले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलकर डायना एडुलजी और अंजू चोपड़ा सहित दर्जनों महिला खिलाड़ियों को पहचान और सरकारी नौकरी मिली है। डा. जोगी ने दावा किया कि बल्ले और बॉल से क्रिकेट का जौहर दिखाने वाली महिला खिलाड़ियों को स्थापित करने के लिए बीसीसीआई के साथ मिलकर डब्लूसीआई कई नई योजनाओं पर काम करेगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: